ट्रेन से कटकर बस्ती में दरौंदा के युवक की मौत, कोहराम
– सूचना मिलते ही परिजनों में मचा चीख-पुकार
परवेज अख्तर/सिवान;
दरौंदा. थाना क्षेत्र के बगौरा गांव निवासी वीरेंद्र राम के 20 वर्षीय पुत्र नीरज कुमार की ट्रेन दुर्घटना में मौत हो गई. मौत की सूचना पाते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई. घटना के संबंध में बताया जाता है कि बगौरा गांव निवासी विरेंद्र राम के तृतीय पुत्र नीरज कुमार चंडीगढ़ में लगभग 2 वर्षों से मजदूरी करता था. शुक्रवार की रात चंडीगढ़ से अपने घर दरौंदा के लिए जनसेवा एक्सप्रेस में सवार हुआ. इसी दौरान यूपी के बस्ती जिला में गौर स्टेशन के पास ट्रेन से गिरकर नीरज की मौत हो गई. हादसे की सूचना जब परिजनों को हुई तो चीख-पुकार मच गई. बताया जाता है कि दुर्घटना की सूचना परिजनों को शनिवार की अहले सुबह प्राप्त हुई. हादसे की सूचना पाकर परिवार के कुछ लोग गौर स्टेशन पहुंचे. वहीं स्टेशन परिसर में मौजूद रेलवे के कुछ अधिकारियों ने बताया कि हादसे के बाद युवक का शव बस्ती सदर अस्पताल में पहुंचाया जा चुका है. खबर लिखे जाने तक मृतक का शव उनके पैतृक गांव बगौरा नहीं आया था.




Recent Comments