मामा के घर आये भांजा की पीट-पीट कर निर्मम हत्या ◆माधोपुर व भलुआड़ा में छाया मातमी सन्नाटा
◆मृतक के पिता के फर्द बयान पर प्राथमिकी दर्ज
◆घटना जीबी नगर थाना के भलुआडा गांव का

परवेज अख्तर/सिवान;
तरवारा. जिले के जीबी नगर थाना क्षेत्र के भलुआडा गांव में एक 25 वर्षीय युवक को हमलावरों ने पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया. साथ ही मृतक के पिता व मां को भी हमलावरों ने मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटना उस समय घटी जब मृतक अपने ननिहाल में मामा के साथ हुई मारपीट में घायल मामा का हालचाल लेने के लिए अपने ननिहाल भलुआडा गांव आया हुआ था. घटना शनिवार की देर रात्रि की बताई जा रही है. मृतक की पहचान बड़हरिया थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव निवासी रसीद राय का 25 वर्षीय पुत्र जुमाद्दीन राय के रूप में की गई है. घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के मुताबिक मृतक जुमाद्दीन राय जो अपने मामा बाबूधन राय के घर जीबी नगर थाना क्षेत्र के भलुआडा गांव में आया हुआ था. तभी हमलावरों ने जुमाद्दीन राय, उसकी मां आयशा खातून व पिता रसीद राय पर लाठी-डंडों से अचानक हमला बोल दिया. जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गये. आनन-फानन में परिजनों ने इलाज के लिए सीवान सदर अस्पताल में भर्ती कराया. जहां इलाज के दौरान जुमाद्दीन राय की मौत हो गई. वहीं घायल रसीद राय वा मां आयशा खातून का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. जहां दोनों की हालत गम्भीर बताई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही सीवान नगर थाना में पदस्थापित अवर निरीक्षक तनवीर आलम ने दल बल के साथ शनिवार की देर रात्रि सदर अस्पताल में पहुंचे. जहां मृतक जुमादिन राय के पिता रसीद राय का फर्द बयान लिया ओर आगे की कारवाई में जुट गये. मृतक के पिता रसीद राय ने अपने फर्द बयान में कहा कि जिले के जीबी नगर थाना के भलुआडा गांव में मेरे साला के पड़ोसी से शनिवार की दोपहर मामूली विवाद को लेकर मारपीट हुई थी. जिसे देखने के लिए मैं अपनी पत्नी व पुत्र जुमाद्दीन राय के साथ आया हुआ था. तभी मेरे साला के पड़ोसियों ने हम तीनों को देख आग-बबूला हो गए. इसके बाद अचानक हम तीनों पर हमला बोल दिया. इस घटना में तीनों लोग घायल हो गये. तीनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां इलाज के दौरान मेरे पुत्र जुमाद्दीन राय की मौत हो गई.
—————
क्या कहते है पुलिस पदाधिकारी
जिले के जीबी नगर थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि फर्द बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. गिरफ्तारी नहीं होने पर न्यायालय के आदेश पर कुर्की जप्ती की कारवाई की जाएगी. वहीं वरीय पुलिस पदाधिकारी के निर्देश के आलोक में जगह-जगह आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
————————–




Recent Comments