मांझी। स्थानीय मांझी कृषि विज्ञान केंद्र पर में पोषण माह के तहत सोमवार को जीविका दीदियों के साथ गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें पोषण के महत्व पर चर्चा की गई। वहीं जीविका दीदियों से पोषण वाटिका लगाने व क्षेत्र के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की गई। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन केंद्र के प्रमुख वैज्ञानिक डॉ अभय कुमार सिंह ने किया। इस मौके पर अपने सम्बोधन में उन्होंने कहा कि परिवार व समाज को स्वस्थ बनाने के लिए पहले महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहने की आवश्यक है। इसके लिए खान-पान पर ध्यान देने व पौष्टिक भोजन पर ध्यान देना जरूरी है । गोष्ठी में डॉ तनुजा जुकरिया ने संतुलित पोषण व पोषण थाली के बारे जानकारी देते हुए कहा कि किस तरह एक थाली में कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन, वसा, विटामिन सहित सभी खनिज तत्वों से भरपूर भोजन नही मिलेगा स्वास्थ्य की रक्षा नही की जा सकती। डॉ चंदोला ने बीज रोपण व पोषण वाटिका तैयार करने की विधि की जानकारी दी। डॉ विजय ने औषधीय पौधों की आवश्यकता व उपयोग की जानकारी दी और पोषण वाटिका में शामिल करने की अपील की। गोष्ठी को डॉ कन्हैया, डॉ सौरभ आदि ने भी संबोधित किया।