
मृगांक शेखर सिंह जमुई
बिहार विधानसभा चुनाव का 2020 का बिगुल बजते ही आचार संहिता शुक्रवार से लागू हो गया है।जमुई जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों में पहली अक्टूबर को अधिसूचना जारी हो जाएगी। पहली तारीख से ही अभ्यर्थियों द्वारा नामांकन का पर्चा दाखिल किया जा जाएगा। 28 अक्टूबर को प्रथम चरण का मतदान होगा।
जिला पदाधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस कर उपरोक्त जानकारी दी है।उन्होंने बताया कि नक्सल प्रभावित इलाके होने के कारण सुबह 7:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक वोट डाले जा सकेंगे। कोरोना संक्रमण से बचाव के मद्देनजर मतदान केंद्रों की संख्या में बढ़ोतरी के उपरांत कर्मियों की आवश्यकता को भी रेखांकित करते हुए उन्होंने बताया कि लगभग 10 हजार पांच सौ कर्मी की आवश्यकता का आकलन किया गया है।
8400 पुरुष एवं 3800 महिला कर्मी का डाटा इंट्री कर ली गई है। उन्होंने शहरी एवं अर्ध शहरी क्षेत्रों में मतदान केंद्रों पर महिला कर्मियों की तैनाती का भी जिक्र किया है। साथ ही यह भी बताया कि बीते 2019 लोकसभा चुनाव की तरह इस बार भी अन्य किसी जिले से मतदान कर्मी की सहायता नहीं ली जाएगी। शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान को लेकर तमाम तैयारियों से अवगत कराते हुए कहा कि इस बार का चुनाव कई मायने में अलग होगा। मतदान केंद्रों पर संक्रमण से बचाव को लेकर आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे। दाएं हाथ में ग्लब्स लगाकर वोटर ईवीएम का बटन दबाएंगे, जबकि बाएं हाथ की उंगली पर स्याही लगाई जाएगी। रैली में अब वाहनों की संख्या 10 से घटकर पांच की गई है।डोर टू डोर कैंपेन पर जोर होगा।
वृद्ध और दिव्यांग मतदाता लगाएंगे पोस्टल बैलेट पर मुहर
80 वर्ष से ऊपर के वृद्ध एवं दिव्यांग मतदाताओं के लिए पोस्टल बैलेट का विकल्प दिया गया है। 80 साल से ऊपर के मतदाताओं की संख्या 19,608 एवं दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 10,000 है। 1427 सर्विस वोटर भी चल बैलेट पर मुहर लगाएंगे। अब तक पोस्टल बैलेट पर मुहर लगाने का अवसर सेना सहित अन्य सेवा में कार्यरत लोगों को ही मिलता रहा है। संक्रमण के कारण इस बार वृद्ध और दिव्यांगजन को भी यह मौका मिलेगा। इसके लिए जिलाधिकारी सभी मतदाताओं को चिट्ठी लिखकर मतदन के तौर तरीकों से अवगत कराएंगे।
शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान प्राथमिकता : पुलिस कप्तान
जमुई पुलिस कप्तान प्रमोद कुमार मंडल ने कहा कि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान कराना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है। बिना किसी भय के मतदान संपन्न कराने के लिए सुरक्षा में कोई भी चूक न हो इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। एक सौ लोगों के विरुद्ध सीसीए की कार्रवाई की जा रही है। निरोधात्मक कार्रवाई के तहत 3000 लोगों के विरुद्ध 107 व अन्य कार्रवाई की जा चुकी है। साथ ही यह भी बताया कि 2015 विधानसभा चुनाव में अर्धसैनिक बलों की 72 कंपनियां आई थी। इस चुनाव में यह संख्या 80 कंपनियों के आसपास हो इसके लिए चुनाव आयोग से मांग की जाएगी।
नामाकांन का पर्चा वापसी की अंतिम तिथि 12 अक्टूबर
जिले में विधानसभा क्षेत्रवार मतदाताओं की संख्या
विधानसभा-पुरुष-महिला
सिकंदरा-150739-135563
जमुई- 154945- 137049
झाझा- 165365- 147924
चकाई- 149201-132148
कुल- 620250-552684
प्रेस काफ्रेंस में डीएम और एसपी के अलावा डीडीसी आरिफ अहसन, अनुमंडल पदाधिकारी प्रतिभा रानी, भूमि सुधार उप समाहर्ता कुमार सिद्धार्थ, उप निर्वाचन पदाधिकारी गुलाब लकड़ा, डीपीआरओ सलीम अंसारी, आईसीडीएस की डीपीओ कविता कुमारी, आकांक्षी जिला फेलो समीर, मीनाक्षी वंसल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
सेल्फी प्वाइंट का किया उद्घाटन
स्वीप कोषांग के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक करने के लिए बिभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों का शुभारंभ दीप जलाकर किया गया। जिले के महत्वपूर्ण स्थल पर सेल्फी प्वाइंट लगाए जाने की योजना बनाई गई है। जिसके तहत संवाद कक्ष में डीएम एसपी सहित अन्य अधिकारियों ने सेल्फी प्वाइंट पर फोटो खिचवा कर उद्घाटन किया।




Recent Comments