
छात्र राजद की दबंगई, प्रॉक्टर कक्ष में घुसकर कॉलेज इंस्पेक्टर को पीटा
भागलपुर विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा नियमों की अनदेखी कर डॉ. अशोक ठाकुर को कॉलेज इंस्पेक्टर (विज्ञान) एवं पीआरओ बनाने के विरोध में छात्र राजद कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को जमकर बवाल किया। उन्होंने पहले प्रॉक्टर कक्ष में घुसकर डॉ. अशोक ठाकुर को पीटा, फिर कॉलर पकड़कर खींचते हुए पहली मंजिल से नीचे लाया।
इस बीच भी थप्पड़-मुक्के जड़ते रहे। पुलिस ने बीचबचाव की कोशिश की, लेकिन बेबस ही नजर आई। प्रशासनिक भवन के ग्राउंड फ्लोर पर आने के बाद पुलिस ने डॉ. ठाकुर को छात्रों के चंगुल से मुक्त कराया और अपनी गाड़ी में बैठाकर थाने ले गई। वहां से उन्हें घर भेज दिया गया। देर शाम तक विश्वविद्यालय की ओर से प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई थी।
डॉ. ठाकुर के खिलाफ तीन मामले हैं कोर्ट में डॉ. अशोक ठाकुर पर केकेएम कॉलेज जमुई का प्राचार्य रहते हुए हरे पेड़ कटवाने, बीएलएस कॉलेज नवगछिया में नियुक्ति में धांधली करने और डीएनएस कॉलेज रजौन की शासी निकाय भंग करने का आरोप है। तीनों मामले कोर्ट में हैं। पेड़ काटने के मामले में वे जमानत पर हैं, जबकि शासी निकाय भंग करने के मामले में हाईकोर्ट द्वारा उन पर कार्रवाई का आदेश दिया जा चुका है।




Recent Comments