सोनपुर। सोनपुर रेल मंडल में यात्रियों को सुरक्षित, पारदर्शी एवं नियमसम्मत यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने तथा रेलवे के आरक्षण तंत्र की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए वाणिज्य विभाग लगातार सतर्कता एवं प्रभावी निगरानी रखे हुए है। इसी क्रम में दिनांक 10 जुलाई 2026 को गाड़ी संख्या 11061 में टिकट जांच के दौरान रेलवे कर्मचारियों की सजगता एवं त्वरित कार्रवाई से फर्जी तत्काल आरक्षण टिकट के साथ यात्रा कर रहे चार यात्रियों को पकड़ा गया।
टिकट जांच के दौरान टीटीई श्री राकेश कुमार सिंह को यात्रियों के टिकट संदिग्ध प्रतीत हुए। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना मंडल सुरक्षा नियंत्रण कक्ष को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वाणिज्य विभाग ने बिना विलंब कार्रवाई करते हुए सहायक वाणिज्य प्रबंधक श्री नीरज कुमार के नेतृत्व में टीटीई टीम को सक्रिय किया। समन्वित कार्रवाई के तहत संबंधित यात्रियों को छपरा स्टेशन पर उतारकर विस्तृत जांच की गई।

जांच के दौरान बी-2 कोच में ड्यूटी पर कार्यरत टीटीई श्री कैलाश कुमार झा ने पाया कि बी-3 कोच की बर्थ संख्या 9, 10, 11 एवं 12 के टिकट पर जारीकर्ता स्टेशन का नाम संदिग्ध रूप से मिटाया गया था। गहन जांच करने पर उस पर पूर्णा स्टेशन (SCR) अंकित पाया गया। वहीं बी-4 कोच की बर्थ संख्या 9, 10, 11 एवं 12 पर यात्रा कर रहे यात्रियों के टिकटों की जांच के दौरान टीटीई श्री राकेश कुमार सिंह ने पाया कि टिकट पर जारीकर्ता स्टेशन SIPT (सिद्धपेट) अंकित था, जो जांच में फर्जी पाया गया।

कार्रवाई के दौरान दो फर्जी तत्काल आरक्षण टिकट तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। प्राप्त तथ्यों के साथ RPF हाजीपुर को  मामले की आगे की जांच एवं आवश्यक विधिक कार्रवाई के लिए सौप दिया गया है।

सोनपुर मंडल यात्रियों से अपील करता है कि वे केवल रेलवे के अधिकृत माध्यमों अथवा अधिकृत पीआरएस काउंटर एवं अधिकृत एजेंटों के माध्यम से ही टिकट बुक कराएं। किसी भी अनधिकृत व्यक्ति अथवा दलाल से टिकट खरीदने पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है तथा यात्रा भी प्रभावित हो सकती है।

सोनपुर मंडल का वाणिज्य विभाग यात्रियों को सुरक्षित, पारदर्शी एवं विश्वसनीय यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने तथा रेलवे राजस्व एवं आरक्षण प्रणाली की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भविष्य में भी इसी प्रकार सतर्कता एवं विशेष जांच अभियान निरंतर जारी रखेगा।