छपरा : जिले के रिविलगंज थाना क्षेत्र स्थित बिनटोली मोहल्ले से दो बच्चियों का अपहरण कर हत्या के मामले में पुलिस ने एक युवक को जारी किये गए स्केच के आधार पर दबोच लिया. हालांकि हत्यारोपी ने पुलिस से बचने के लिए क्लीन शेव करवा लिया था, लेकिन पुलिस की नजर धोखा नहीं खा सकी. विदित हो कि उसकी गिरफ्त से भागी बच्चियों के बताए गए हुलिए के आधार पर पुलिस ने दाढ़ी वाले एक युवक का स्केच तैयार किया था, जिसके बाद उस हत्यारे ने अपना क्लीन शेव करवा लिया था. तैयार स्केच के सहारे पुलिस उस तक पहुंची. गिरफ्तार युवक मांझी थाना क्षेत्र के तकिया गांव निवासी फिरोज नट बताया गया है. वह रिविलगंज मंदिर के समीप किराए के मकान में रह रहा था. उसने अपहरण और हत्या में अपनी संलिप्तता भी स्वीकार कर ली है.उसने स्वीकार किया है कि शराब के नशे में धुत होकर उसने छह बच्चियों को पकड़ लिया था. इसी बीच चार बच्चियां भाग गई. अन्य दो बच्चियों को वह पकड़ कर ले गया था. लेकिन बात खुलने के डर से गला दबाकर दोनों की हत्या कर दी. इस दौरान उसके द्वारा बच्चियों के साथ किए गए हरकत के विषय में कोई जानकारी नहीं दी गई है.

पुलिस कस्टडी में आरोपित युवक ने ब्लेड से गला काट आत्महत्या का किया प्रयास। मांझी थाना क्षेत्र निवासी फिरोज नट ने पकड़े जाने के बाद पुलिस कस्टडी में ही अपने गले पर ब्लेड से वार कर लिया. जिसके कारण गला का कुछ भाग कट गया. जिसके बाद गंभीर स्थिति में उसे छपरा सदर अस्पताल लाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया.