चोरों ने गहना व कपड़े सहित चुरायी लाखों की संपत्ति

◆कड़ाके ठंडी का फायदा उठाकर आंगनों में उतरे चोर

परवेज अख्तर/सिवान;
बड़हरिया. थाना क्षेत्र के पट्टी भलुआं गांव के दो घरों में सोमवार की रात में चोरी कर गहना, मोबाइल, कपड़ा सहित लाखों रुपये की संपत्ति चुरा ली. विदित हो कि सोमवार की रात में चोर डीलर पारसनाथ मांझी व अर्जुन मांझी के घरों के पीछे से छत के सहारे आंगन में उतर गए. फिर कमरों में घुसकर गहना, कपड़ा, मोबाइल सहित लाखों रुपये की संपत्ति चुरा ली. जहां चोर डीलर पारसनाथ मांझी की छत पर घर के पीछे से चढ़ गए व फिर आंगन में उतर कर कमरों में घुस गए. चोरों ने डीलर के घर से दो मोबाइल, एक जोड़ा पायल व तीन हजार रुपये नगद सहित करीब 25 हजार रुपये की संपत्ति चुरा ली. वहीं चोर अर्जुन मांझी के घर में बांस के सहारे छत पर चढ़ गए व फिर आंगन में आकर अर्जुन की बहन इंदु देवी के कमरा में घुस गए. चोरों ने इंदु देवी के कमरे से 25 हजार रुपये का सोने का मांगटीका,20 हजार रुपये का सोने का नथिया,15 हजार रुपये का सोने का झूमका,सात हजार का सोने की अंगूठी, पांच हजार रुपये का मेंहदुछाला, दो हजार रुपये पायल आदि चुरा लिया. साथ ही, चोरों ने कपड़ों से भरा एक बड़ा सूटकेस भी लेते गए. इसमें करीब 25 हजार रुपये की साड़ियां रखी गयी थीं. इस प्रकार चोरों ने इंदु देवी का करीब एक लाख रुपये की संपत्ति चुरा ली. वहीं इस चोरी की घटना का पता उस वक्त हुआ जब डीलर श्री मांझी ने भजन सुनने के लिए अपना मोबाइल तलाशा. उन्होंने मोबाइल नहीं मिलने पर चोरी आशंका जताते हुए शोरगुल करना शुरू किया तो पड़ोसी अर्जुन मांझी को अपने घर में चोरी होने का आभास हुआ.जब ग्रामीणों ने इधर-उधर देखना शुरू किया तो गहनों के खोखे अर्जुन के घर के पीछे पाये गए. इस मौके पर गृहस्वामी डीलर पारसनाथ ने बताया कि तीन हजार रुपये उन्होंने खाद्यान्न बेचकर रखा था. इस चोरी की घटना के ग्रामीण एकत्रित हो गए व चोरी की घटना पर रोष जताया. इस मौके पर डीलर पारसनाथ मांझी, अर्जुन मांझी, बबन मांझी, ओमप्रकाश मांझी, विक्की कुमार, विकास मांझी, रामबहादुर मांझी सहित अन्य लोग मौजूद थे.
———————