“ऑपरेशन सिंदूर ” हमारी सेना की अद्वितीय रणनीतिक क्षमता, बलिदान और कर्तव्यनिष्ठा का परिचायक है : रामलाल सिंह

ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर लोक शिक्षा समिति बिहार के प्रदेश सचिव ने दी भारतीय सेना और देश के नेतृत्व को दी बधाई
मुजफ्फरपुर :भारतीय सेना द्वारा हाल ही में सफलता पूर्वक संपन्न किए गए ऑपरेशन सिंदूर ने न केवल देश की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किया है, बल्कि इससे देशवासियों का मनोबल भी ऊँचा हुआ है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर लोक शिक्षा समिति बिहार के प्रदेश सचिव रामलाल सिंह ने भारतीय सेना, उसके साहसी जवानों और देश के नेतृत्व को हृदय से बधाई दी है।
मीडिया से बातचीत करते श्री सिंह ने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर हमारी सेना की अद्वितीय रणनीतिक क्षमता, बलिदान और कर्तव्यनिष्ठा का परिचायक है। भारतीय सेना ने जिस सूझ-बूझ, दक्षता और अद्भुत साहस का परिचय दिया, वह हर देशवासी के लिए गर्व का विषय है। यह ऑपरेशन इस बात का प्रमाण है कि भारत की सुरक्षा के लिए हम हर मोर्चे पर तैयार हैं।”
ज्ञात हो कि पिछले दिनों पाकिस्तान परस्त आतंकवादियों द्वारा भारत के पहलगाम में 26 निर्दोष भारतीयों की जघन्य हत्या कर दी गई थी। ऑपरेशन सिंदूर भारतीय सेना द्वारा पहलगाम आंतकी हमले का जवाब हैं। यह ऑपरेशन विशेष बलों की निगरानी, ड्रोन तकनीक और आधुनिक हथियारों के समन्वय से संचालित किया गया, जिससे कई दुर्गम क्षेत्रों में छिपे आतंकवादी ठिकानों को नष्ट किया गया।
रामलाल सिंह ने कहा कि यह सफलता सिर्फ सेना की नहीं बल्कि पूरे देश की है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के नेतृत्व की भी सराहना की और कहा कि “इस तरह के निर्णायक ऑपरेशनों को मंजूरी देना एक दूरदर्शी और राष्ट्रहितैषी नेतृत्व का प्रतीक है।”
लोक शिक्षा समिति के प्रदेश सचिव ने साथ ही युवाओं से अपील की कि वे भारतीय सेना से प्रेरणा लेकर राष्ट्र सेवा के कार्यों में आगे आएं। उन्होंने यह भी कहा कि “देश की सीमाओं की रक्षा जितनी ज़रूरी है, उतनी ही ज़रूरी है आंतरिक चेतना और देशप्रेम का विकास। लोक शिक्षा समिति इसके लिए हर गाँव और स्कूल में जागरूकता अभियान चलाएगी।”




Recent Comments