पानापुर(सारण)गंडक नदी के जलस्तर में कमी के बावजूद प्रखंड के बसहिया गांव में हो रहा कटाव अब लगातार बढ़ता जा रहा है ।गंडक नदी के धारा की दिशा बार- बार बदलने से स्थिति और विकराल होते जा रही है ।नदी मे जारी कटाव के कारण दर्जनों पेड़ एवं किसानों के फसलें लगी जमीन नदी में विलीन होते जा रही हैं ।वही जलसंसाधन विभाग द्वारा कटावरोधी कार्य नही कराये जाने से ग्रामीणों में आक्रोश देखा जा रहा है ।ग्रामीण प्रमोद सिंह , संतोष साह ,दिनेश सिंह , रवींद्र प्रसाद ,उमेश सिंह आदि ने बताया कि जल संसाधन विभाग द्वारा पूर्व में सोनवर्षा पंचमंदिर से बसहिया ढाला तक कटावरोधी कार्य कराया गया था जिस कारण कटाव कुछ हद तक रुक गया था। कटावरोधी कार्य के बाद गंडक नदी द्वारा धारा की  दिशा बदलने से अब बसहियां ढाला से एक किलोमीटर दक्षिण के दायरे में कटाव शुरू हो गया है। जिससे सारण तटबंध के किनारे बसे लोगो मे दहशत का माहौल है।ग्रामीणों का कहना था कि विभाग द्वारा अविलंब कटावरोधी कार्य शुरू नही कराया जाता है तो सैकड़ों एकड़ जमीन नदी में विलीन हो जायेगी एवं सारण तटबंध पर भी खतरा उत्पन्न हो जाएगा।