खेत में सुबह मिला शव, सड़क जाम कर प्रदर्शन
परवेज अख्तर सिवान
बड़हरिया (सिवान) : सिवान के बड़हरिया थाना क्षेत्र के कुंवही गांव के एक युवक की मंगलवार की देर रात घर से बुलाकर अपराधियों ने लाठी डंडा व रॉड से सिर पर वार कर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी फरार हो गए। बुधवार की सुबह गांव के लोग जब खेत की तरफ गए तो युवक का शव देख दंग रह गए। आनन फानन में लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मृत युवक कुंवही निवासी फागुनी सिंह उर्फ जनार्दन सिंह का पुत्र संदीप कुमार सिंह (25) है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक के सिर में गहरे चोट के निशान थे। वहीं कुछ लोगों का कहना था कि युवक की गोली मारी गई है। मृतक के शरीर में कई जगह जख्म के निशान भी पाए गए। पोस्टमार्टम बाद जब शव गांव पहुंचा तो लोग आक्रोशित हो गए और सड़क पर पोल रखकर मार्ग को बाधित कर अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। जिन्हें बाद में स्थानीय पुलिस व जनप्रतिनिधियों द्वारा समझा बुझा कर शांत कराया गया। संदीप की मां लक्ष्मीणा देवी और पत्नी सुमित्रा देवी ने बताया कि मंगलवार की रात करीब 11 बजे संदीप के मोबाइल पर कॉल आया और उसे किसी स्थान पर बुलाया गया। कॉल कटने के बाद संदीप घर से निकल गया और सुबह तक वापस नहीं लौटा। जब उससे पूछताछ की गई तो उसने तुरंत आने की बात कही और बाइक पर सवार होकर चला गया। बुधवार की सुबह उसका शव गांव के ही राजकीय मध्य विद्यालय से पश्चिम और सहबाचक गांव से पूरब नेटुआ पीर बाबा के पास खेत में मिला। संदीप की बाइक को भी पुलिस ने नेटुआ पीर बाबा के पास खेत से बरामद किया।




Recent Comments