
दैनिक खोज खबर/वाराणसी/छपरा।सारण के सांसद सह पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी की अध्यक्षता में मंगलवार को पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल की संसदीय समिति की बैठक वाराणसी में संपन्न हुई। बैठक में महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, राज्यसभा सांसद नीरज शेखर सहित कई सांसदों और विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। महाराजगंज सांसद सिग्रीवाल ने अपने क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया। बैठक में सारण और आसपास के क्षेत्रों के रेल विकास और यात्री सुविधाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सांसदों और रेल प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल के लिए प्रत्येक सांसद के लिए रेलवे का एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने का फैसला हुआ। महिला यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेनों और स्टेशनों पर सेनेटरी पैड की उपलब्धता को सरल बनाने तथा सुरक्षा के लिहाज से सभी स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरे व केंद्रीकृत मॉनिटरिंग कंट्रोल रूम स्थापित करने पर जोर दिया गया।स्थानीय नागरिक समस्याओं, विशेषकर जलजमाव, सड़क और प्रकाश व्यवस्था के त्वरित समाधान के लिए रेलवे, नगर निगम और स्थानीय प्रशासन को मिलाकर एक संयुक्त समन्वय समिति बनाने का सुझाव दिया गया। इसके अलावा, मंडल के अंडरपास, समपार फाटक और जलजमाव वाले स्थलों की सूची बनाकर स्थायी समाधान की कार्ययोजना पेश करने का निर्देश दिया गया।
सारण क्षेत्र के लिए प्रमुख प्रस्ताव:
नई ट्रेन सेवा: बलिया-छपरा-सिवान से पटना के लिए नई डीएमयू/मेमू सेवा शुरू करने का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा जाएगा।
ट्रेनों का विस्तार: कामायनी एक्सप्रेस और बलिया-नई दिल्ली सुपरफास्ट का छपरा तक विस्तार करने की मांग की गई।
ठहराव: छपरा कचहरी स्टेशन पर मौर्य, बाघ और लिच्छवी एक्सप्रेस का पुनः ठहराव सुनिश्चित करने पर विमर्श हुआ।
स्टेशन विकास: पटेढ़ी स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज व संपर्क पथ विकास तथा छपरा जंक्शन के समग्र पुनर्विकास के तहत प्लेटफॉर्म 6, 7 और 8 पर लिफ्ट, रैम्प, एसी लाउंज और पार्किंग सुधार पर विस्तृत चर्चा हुई।




Recent Comments