
सोनपुर। सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने गुरुवार को सोनपुर थाना का निरीक्षण कर विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं लंबित मामलों की समीक्षा की। इस दौरान थानाध्यक्ष सहित सभी पुलिस पदाधिकारी, कर्मी एवं चौकीदार उपस्थित रहे।निरीक्षण के क्रम में एसएसपी विनीत कुमार ने थाना के अभिलेखों एवं विभिन्न पंजीयों की जांच की तथा उनके बेहतर संधारण के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए उनके त्वरित निष्पादन पर जोर दिया। करीब 50 से अधिक कांडों की विस्तृत समीक्षा कर वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, वारंट एवं कुर्की के निष्पादन सहित आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। एसएसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को सिटीजन सेंट्रिक पुलिसिंग अपनाने तथा आम लोगों के साथ बेहतर व्यवहार करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि थाना आने वाले लोगों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान जिला पुलिस की प्राथमिकता है। महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण करते हुए उन्होंने प्रतिनियुक्त महिला पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को महिला फरियादियों के साथ शालीन व्यवहार करने तथा उनकी शिकायतों पर विधि-सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।इसके अलावा थाना परिसर एवं कार्यालय में साफ-सफाई बनाए रखने, लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने तथा अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि थाना के प्रत्येक कर्मी की कार्यशैली पर नजर रखी जाएगी और जनता का विश्वास जीतना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।




Recent Comments