
बिहार के राज्यपाल और स्वास्थ्य मंत्री के हाथों सम्मान मिलना निक्षय मित्रों के लिए गर्व
दैनिक खोज खबर/छपरा। टीबी उन्मूलन अभियान के तहत समाजसेवा और जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली सारण की बेटी एवं उत्तर प्रदेश के सिंगरामऊ राजघराने की बहू ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति की संस्थापिका सचिव डॉ. अंजू सिंह को राज्य स्तरीय सम्मान से नवाजा गया है। बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम के दौरान टीबी मुक्त भारत अभियान में उनके उत्कृष्ट सहयोग और समर्पण को देखते हुए उन्हें निक्षय मित्र के रूप में सम्मानित किया गया है। डॉ. अंजू सिंह का मानना है कि समाज की सहभागिता और जागरूकता के बिना टीबी जैसी गंभीर बीमारी पर पूर्ण नियंत्रण संभव नहीं है। इसी सोच के साथ वे वर्षों से स्वास्थ्य जागरूकता और मरीजों की सहायता के कार्यों में जुटी हुई हैं। स्वास्थ्य विभाग के राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. बाल कृष्ण मिश्रा द्वारा जारी पत्र के माध्यम से डॉ अंजू सिंह को सम्मान समारोह में आमंत्रित किया गया था। बिहार में टीबी उन्मूलन अभियान से जुड़े नौ प्रमुख हितधारकों में शामिल डॉ अंजू सिंह को पटना स्थित पुरानी सचिवालय के अधिवेशन भवन सभागार में आयोजित भव्य कार्यक्रम में प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया है। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल सह राज्यपाल सैयद अता हसनैन तथा बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने संयुक्त रूप से डॉ. अंजू सिंह को सम्मानित किया है। इस अवसर पर उनके द्वारा टीबी रोगियों के लिए किए गए मानवीय और सामाजिक कार्यों की विशेष सराहना की गई। गौरतलब है कि भारत की वर्तमान राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मूने 25 जुलाई 2022 को पदभार ग्रहण किया था। उसके बाद टीबी मरीजों के लिए ‘निक्षय मित्र’ बनने की पहल की शुरुआत 9 सितंबर 2022 को प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान का एक महत्वपूर्ण हिस्सा मानते हुए इसका शुभारंभ किया गया था। उसके बाद से ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति की संस्थापिका डॉ अंजू सिंह ने निक्षय मित्र टीबी मरीजों को गोद लेकर उन्हें पूरी तरह से स्वस्थ कराने के अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते आ रही है। बिहार के सारण जिले में टीबी मुक्त अभियान को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रही है। संस्था द्वारा छपरा सदर प्रखंड, शहरी क्षेत्र तथा एकमा प्रखंड में टीबी मरीजों को गोद लेकर उन्हें नियमित रूप से पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जाता है। इसके माध्यम से मरीजों के स्वास्थ्य में सुधार और उपचार की सफलता दर को बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान मिला है। केवल बिहार ही नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले सहित कई अन्य क्षेत्रों में भी संस्था द्वारा यक्ष्मा उन्मूलन अभियान को गति देने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. अंजू सिंह ने इसे व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि समाजसेवा और जनसहयोग की जीत बताते हुए कहा कि टीबी मुक्त भारत का सपना तभी साकार होगा जब समाज का हर वर्ग इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएगा। डॉ. अंजू सिंह को सम्मानित किए जाने पर सारण जिले के जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. रत्नेश्वर प्रसाद सिंह और डीपीसी हिमांशु शेखर, अवकाश प्राप्त चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अमरेंद्र प्रसाद सिन्हा, समाजसेविका डॉ. अल्का सिंह, पत्रकार धर्मेंद्र रस्तोगी, मणि शाही, प्रीति शाही सहित सैकड़ों सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर समाजसेवा की कामना की है।




Recent Comments