इसुआपुर (सारण)। स्थानीय थाना क्षेत्र के प्यारेपुर गांव के 71 वर्षीय रामलोचन राय, पिता – स्वर्गीय शिवनंदन राय की मृत्यु रविवार की सुबह इलाज के दौरान पटना में हो गई। स्वजन उनके शव को लेकर सीधे थाना थाना परिसर ले आए। वहां मृतक के पुत्र रमेश राय ने घटना से संबंधित प्राथमिकी दर्ज कराई। जिसमें कहा गया है कि उनके पिता राम लोचन राय पिछले 3 मार्च की दोपहर साइकिल से सहवां बाजार जा रहे थे। इसी बीच प्यारेपुर गांव के नट बस्ती के पास विपरीत दिशा से अल्टो कार से आ रहे प्यारेपुर गांव के रवि कुमार पिता-रामधारी राय ने नियंत्रन को दिया तथा साइकिल में धक्का मार दिया। जिससे मेरे पिता गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उन्हें इलाज के लिए सीएचसी इसुआपुर लाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया। हालांकि बेहतर इलाज को लेकर स्वजन उन्हें पटना के एक निजी अस्पताल में ले गए। वहां इलाज के दौरान रविवार की सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया। प्राथमिकी दर्ज कर इसुआपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया। वहीं पोस्टमार्टम के बाद शव के गांव पहुंचते ही स्वजनों के रुदन-क्रंदन से गांव का माहौल गमगीन हो गया।