दैनिक खोज खबर/सोनपुर। संसार की इस नश्वर रंगभूमि से अपना दायित्व पूर्ण कर, धर्म और समाजसेवा के अनन्य उपासक लालबाबू पटेल जी ने अनंत की यात्रा पर रविवार के सुबह प्रस्थान कर दिया है. वे सोनपुर प्रखंड के सबलपुर मध्यवर्ती पंचायत अंतर्गत वभनटोली निवासी, लोकप्रिय समाजसेवी, भाजपा नेता एवं कई संगठनों के मीडिया प्रभारी रहे लालबाबू पटेल गज ग्राह चौक स्थित साधुगाछी आवास पर निधन हो गया। उनके निधन की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों, पत्रकारों तथा स्थानीय लोगों ने उनके आवास पर पहुँच अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित की। स्वर्गीय लालबाबू पटेल अपने मिलनसार स्वभाव, सामाजिक सक्रियता और जनसेवा के लिए क्षेत्र में विशेष पहचान रखते थे। उन्होंने विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ जुड़कर समाजहित में अनेक कार्य किए तथा मीडिया प्रभारी के रूप में भी अपनी जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया।
स्व लालबाबू पटेल जी केवल एक राजनेता या समाजसेवी नहीं थे; वे सनातन संस्कृति के एक सच्चे प्रहरी थे। धर्म के प्रति उनकी अटूट आसक्ति और गहरी निष्ठा ने उन्हें सोनपुर और सबलपुर के जन-जन के हृदय में स्थापित कर दिया था। उनका अंतिम संस्कार हरिहर क्षेत्र सोनपुर स्थित प्राचीन कालीघाट पर किया गया। इस दौरान शोकाकुल माहौल में लालबाबू जी के ज्येष्ठ पुत्र, देश की रक्षा में तैनात सीआरपीएफ जवान कमांडो रौशन कुमार ने अश्रुपूर्ण नयनों से अपने पूज्य पिता को मुखाग्नि दी। पिता के जाने का गम तो गहरा था, पर भारत माता के सपूत के चेहरे पर पिता के दिए संस्कारों की चमक भी साफ़ दिख रही थी। इस अत्यंत भावुक क्षण में मृतक के छोटे पुत्र रोहित कुमार सहित पूरा परिवार गहरे शोक में डूबा हुआ था। अंतिम संस्कार में मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं और सभी ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
लालबाबू पटेल पिछले लगभग एक माह से पेट संबंधी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उनके अविवाहित पुत्र रोहित कुमार ने बताया कि बेहतर इलाज के लिए उन्हें पटना, दिल्ली और हैदराबाद तक ले जाया गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी सेहत में सुधार नहीं हो सका.अंततः अपने शुभचिंतकों व परिवारजनों को छोड़कर इस दुनिया से विदा हो गए।