अब कुतुबपुर और परसौना को भी पावर सब स्टेशन की मिली सौगात
चमकेगा भिखारी ठाकुर का गांव
सारण के छपरा सदर एवं परसा प्रखण्ड के दो स्थानों क्रमशः कुतुबपुर और परसौना में 33/11 केवी 2×5 डटा के नये विद्युत शक्ति केन्द्र स्थापित किये जायेंगे। इसकी स्वीकृति सरकार से मिल गई है। शीघ्र ही भूमि का चयन कर निर्माण कार्य का शिलान्यास किया जायेगा। सारण लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजीव प्रताप रुडी ने उक्त जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विकासवादी नीतियों और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली राज्य सरकार के सहयोग से सारण विकास के पथ पर अग्रसर है। सारण की जनता को सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है और सारण का चहुंमुखी विकास हो रहा है। विकास में बिजली की महती भूमिका है। इससे न केवल जनमानस का जीवन बेहतर होता है बल्कि उद्योग धंधो के साथ-साथ कृषि का भी विकास होता है। गौरतलब है कि जन आकांक्षा को योजनागत तरीके से पूरी करते हुए स्थानीय सांसद राजीव प्रताप रूडी ने इस बार कुतुबपुर और परसौना की जनता की मांग पूरी की है। श्री रुडी ने इन दोनो स्थानो पर विद्युत शक्ति केन्द्र की स्थापना की पहल की जिसकी अनुमति प्राप्त हो गई है। इस बाबत जिलाधिकारी सारण को भूमि चयन करने संबंधी एक पत्र भी जारी किया गया है।

सांसद श्री रुडी ने कहा कि इन केन्द्रों के स्थापित हो जाने से छपरा सदर और परसा प्रखण्ड के निवासियों को काफी लाभ होगा। इससे विद्युत आपूर्ति में व्यापक सुधार होगा और गुणवत्तापूर्ण निर्बाध बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित हो जायेगी। बताते चलें कि कुतुबपुर दियारा लोक संस्कृति के विस्तार के बड़े उन्नायक, भोजपुरी के समर्थ लोक कलाकार भिखारी ठाकुर जी का गांव है। इसी गांव में एक पावर सब स्टेशन की स्थापना होनी है जिससे क्षेत्र विकास को एक नया आयाम मिलेगा। इसी प्रकार परसौना में सब स्टेशन के निर्माण से मकेर और परसा के पावर सब स्टेशनों पर निर्भरता कम होगी जिससे क्षेत्रीय जनता को गुणवतापूर्ण बिजली की आपूर्ती होगी।
इस संदर्भ में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्री राकेश सिंह ने बताया कि दियारा क्षेत्र के निवासियों की यह चिर प्रतीक्षित अभिलाषा थी कि उनके क्षेत्र में सांसद श्री रुडी के प्रयास से बिजली तो पहुंच गई अब उनके क्षेत्र के लिए भी एक अलग से पावर सब स्टेशन का निर्माण होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसलिए हमलोगों ने जनता की आकांक्षा से अपने सांसद श्री रुडी को अवगत कराया था, और सांसद ने इसे अमलीजामा पहनाते हुए अब यहाँ एक विद्युत सव स्टेशन के स्थापना की मंजूरी दिलवाई है। श्री राकेश सिंह ने बताया कि सब स्टेशन स्थापित करने की खबर से कुतुबपुर और परसौना की जनता में ख़ुशी की लहर है और इसके लिए स्थानीय लोग बार बार अपने सांसद श्री रुडी का आभार व्यक्त कर रहे है।