महिला सशक्तीकरण एवं आजीविका संवर्धन को लेकर हुई विस्तृत से चर्चा

सोनपुर। सोनपुर प्रखंड के भरपुरा महरानी चौक स्थित शैलपुत्री जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड की वित्तीय वर्ष 2025-26 की प्रथम वार्षिक आम सभा का आयोजन रविवार की शाम किया गया। कार्यक्रम में समिति से जुड़ी बड़ी संख्या में जीविका दीदियों एवं सदस्यों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिले से पहुंचे पदाधिकारियों एवं शैलपुत्री जीविका सीएलएफ के निदेशक मंडल के सदस्यों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
वार्षिक आम सभा में समिति की विगत वर्ष की गतिविधियों, उपलब्धियों, वित्तीय स्थिति तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। जीविका के अधिकारियों ने महिलाओं को महिला सशक्तीकरण, वित्तीय समावेशन, आजीविका संवर्धन एवं सामुदायिक विकास से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। साथ ही महिलाओं को अपनी आजीविका गतिविधियों को और मजबूत करने तथा सरकारी योजनाओं एवं उपलब्ध संसाधनों का बेहतर लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस दौरान जीविका समूह से जुड़ी महिलाओं ने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को अधिकारियों के समक्ष रखा। महिलाओं ने परिचय पत्र उपलब्ध कराने, बढ़ती महंगाई को देखते हुए मानदेय में वृद्धि करने, स्वास्थ्य कार्ड एवं महंगाई भत्ता देने, योग्यता ब अनुभव के आधार पर पदोन्नति करना,विभाग की ओर से मोबाइल उपलब्ध कराने तथा मोबाइल रिचार्ज के लिए राशि देने जैसे दर्जनों मांग की। इसके अलावा बैंक से लिए गए ऋण की पूर्ण अदायगी के बाद बैंक द्वारा एनओसी उपलब्ध कराने सहित कई अन्य मांगें भी रखी गईं।
महिलाओं की मांगों को अधिकारियों ने गंभीरता से सुना और संबंधित स्तर पर विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के दौरान 16 ग्राम संगठनों से जुड़े कुल 23 जीविका सीएम, बुक कीपर, बैंक मित्र, वीआरपी सहित विभिन्न कैडरों एवं संगठन से जुड़ी महिलाओं को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर महिलाओं में उत्साह देखा गया।
सभा के दौरान समिति से जुड़ी महिलाओं द्वारा संचालित विभिन्न व्यवसाय एवं आजीविका गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने महिलाओं से उनके व्यवसाय की वर्तमान स्थिति, संचालन में आने वाली समस्याओं एवं भविष्य की आवश्यकताओं की जानकारी ली। आजीविका गतिविधियों को अधिक बेहतर और टिकाऊ बनाने के लिए आवश्यक सहयोग एवं संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
अधिकारियों ने कहा कि जीविका से जुड़ी महिलाओं की भूमिका ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ परिवार एवं समाज के आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण है।
वार्षिक आम सभा में वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान समिति द्वारा किए गए कार्यों एवं प्राप्त उपलब्धियों की जानकारी सदस्यों के समक्ष साझा की गई। अंकेक्षण प्रतिवेदन के आधार पर समिति द्वारा अर्जित शुद्ध लाभ के उपयोग को लेकर भी चर्चा हुई। आगामी वित्तीय वर्ष में इस राशि का उपयोग स्वयं सहायता समूहों के सशक्तीकरण, आजीविका संवर्धन, वित्तीय समावेशन, प्रशिक्षण एवं सामुदायिक विकास से संबंधित गतिविधियों को और सुदृढ़ करने में किए जाने की जानकारी दी गई।
सभा में उपस्थित महिलाओं ने समिति की गतिविधियों, उपलब्धियों एवं आगामी योजनाओं में सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम ने महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने, उनकी आजीविका को मजबूत करने तथा सामुदायिक स्तर पर विकास की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया।
इस अवसर पर जीविका जिला कार्यालय से मुकेश, विजय लक्ष्मी एवं माया, बीपीआईयू सोनपुर कार्यालय के सहायक अवधेश कुमार, संतोष कुमार, कृष्णा चौधरी, अर्चना कुमारी, सामुदायिक समन्वयक सहित शैलपुत्री जीविका सीएलएफ से जुड़े सीएम, वीआरपी, कैडर एवं बड़ी संख्या में जीविका समूह की महिलाएं उपस्थित थीं।