छपरा। ब्रह्मपुर विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती छोटी कुमारी ने मंगलवार को ब्रह्मपुर से बिशुनपुरा जाने वाली मुख्य सड़क का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क की बदहाल स्थिति और जगह-जगह बने खतरनाक गड्ढों का जायजा लिया। सड़क पर आवागमन में हो रही भारी परेशानियों को देखते हुए विधायक ने गहरी नाराजगी व्यक्त की।
निरीक्षण के दौरान ही विधायक ने मौके से पथ निर्माण विभाग के जिला कार्यपालक अभियंता से फोन पर बात की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सड़क की मरम्मती का कार्य बिना किसी विलंब के तुरंत शुरू किया जाए और इसे तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। इसके अलावा, उन्होंने गोदना मोड़ और ओली चारमुखी के पास सड़क की खराब स्थिति का विशेष संज्ञान लेते हुए वहां भी तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराने को कहा।
इस अवसर पर विधायक श्रीमती छोटी कुमारी ने कहा कि क्षेत्र की जनता को सुगम आवागमन प्रदान करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनहित से जुड़े विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दे दिए गए हैं।
विधायक द्वारा खुद मौके पर पहुंचकर जनता की समस्याओं का जायजा लेने और समाधान के लिए तुरंत पहल करने से क्षेत्रवासियों में एक नई उम्मीद जगी है।
इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान जिला महामंत्री विवेक सिंह, जिला महामंत्री धर्मेन्द्र कुमार साह, कोषाध्यक्ष बलवंत सिंह, नगर पश्चिमी अध्यक्ष चंदू सिंह, रमेश सिंह, अनूप यादव और शत्रुघ्न चौधरी सहित कई अन्य गणमान्य लोग व स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।




Recent Comments