
अब अयोध्या घाट जैसा दिखेगा मांझी का रामघाट, तीस करोड़ की लागत से होगा घाट का नवनिर्माण : सिग्रीवाल
मांझी(सारण) : बिहार और उत्तर प्रदेश की सीमा पर सरयू के तट पर अवस्थित मांझी के राम घाट को अयोध्या के घाट की तरह विकसित किया जाएग। राम घाट के निर्माण तथा सौंदर्यीकरण पर लगभग तीस करोड़ रुपये खर्च की जाएगी। यह बातें शुक्रवार को महराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने केंद्रीय टीम के साथ स्थल प्रस्तावित राम घाट के निरीक्षण के उपरांत स्थानीय हनुमान गढ़ी मन्दिर परिसर में पत्रकारों से बातचीत के क्रम में कहीं। इससे पहले उन्होंने बुडको कम्पनी के सहायक अभियंता आनंद मोहन सिंह तथा कम्पनी के सीनियर आर्किटेक अभिषेक कुमार व सी ओ दिलीप कुमार आदि के साथ स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि रेलपुल।इंचकेप ब्रीज। तथा जयप्रभा सेतु के बीच नदी तल से ऊपर 18 मीटर चौड़ा तथा चार सौ मीटर लम्बा पक्का घाट का निर्माण किया जाएगा। घाट के बीचो बीच एक अटल स्मृति भवन का निर्माण किया जाएगा। घाट पर चबूतरा युक्त एक दर्जन शेड एक दर्जन शौचालय एवम चेंजिंग रूम आदि भी बनाये जाएंगे। घाट के ऊपर फुटपाथ पेयजल तथा पार्किंग जोन का निर्माण किया जाएगा। घाटों पर एक दर्जन हाई मास्क लाइट लगाए जाएंगे। मांझी छपरा मुख्य मार्ग पर स्थित मांझी चट्टी तथा जयप्रभा सेतु के ओवर ब्रीज से सेतु के समानांतर राम घाट तक बीस फुट चौड़े दो सम्पर्क पथों का निर्माण किया जाएगा। मांझी चट्टी पर एक अटल द्वार बनेगा। उन्होंने बताया कि देश के लगभग पांच दर्जन घाटों में रामघाट को भी पूर्व प्रधान मंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की अस्थि विसर्जन के लिए केन्द्र सरकार द्वारा चयनित किया गया था। इसलिए उक्त घाट का महत्व बढ़ गया है। रामघाट तथा बहोरन सिंह के टोला के समीप स्थित सैकड़ों वर्ष पुराने बरगद व पीपल के पेड़ को चबूतरा के माध्यम से संरक्षित किया जाएगा। इसके अलावा मांझी श्मसान घाट पर एक सौ फुट चौड़ा पक्का घाट भी बनेगा तथा उक्त घाट पर शेडयुक्त चार शवदाह गृह और दो शौचालय तथा मांझी प्रखंड मुख्यालय के समीप से घाट तक 12 फुट चौड़ी पक्की सड़क तथा मोक्ष धाम ।प्रवेश द्वार।का निर्माण व प्रकाश की बेहतर ब्यवस्था की जाएगी। एक सवाल के जबाब में श्री सिग्रीवाल ने बताया कि डुमाई गढ़ से एकमा तथा मांझी सोनबरसा से जैतपुर सड़क का निर्माण कार्य बरसात बाद प्रारम्भ होगा। उक्त सड़क निर्माण के टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। उन्होंने बताया कि एन एच 19 तथा जयप्रभा सेतु की मरम्मती तथा मांझी बरौली सड़क के नवीनीकरण का शीघ्र ही शिलान्यास होगा। निरीक्षण में सांसद के साथ सन्त रामप्रिय दास के अलावा भाजपा नेता हेमनारायण सिंह राणा प्रताप उर्फ डब्ल्यू सिंह पूर्व जिप सदस्य पंकज सिंह ,सरपंच मनोज प्रसाद, रामायण दास, बबलू शर्मा,जय किशोर सिंह तथा रंजन शर्मा आदि बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।




Recent Comments