– घटनास्थल पर उमड़ी लोगों की भीड़
– गंभीर रुप से घायल पुत्र पटना रेफर, स्थित नाजुक
– मैरवा से सब्जी लेकर बाइक से घर लौट रहे थे पिता-पुत्र
– मनिया गांव के रामनगर टोला नहर के समीप अपराधियों ने मारी गोली

परवेज़ अख्तर/सिवान :

जिले के असांव थाना क्षेत्र के मनिया गांव के रामनगर टोला नहर के समीप बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने बुधवार की दोपहर बाइक से घर लौट रहे पिता-पुत्र को गोली मार दी. गोली मारने के बाद अपराधी फरार हो गये. इधर गोली लगने के बाद घटनास्थल पर ही सब्जी व्यवसायी सह आंदर थाना के तियांय गांव निवासी सिपाही चौहान (45) की मौके पर ही मौत हो गयी. वहीं मृतका का पुत्र शैलेश चौहान (19) गंभीर रुप से घायल हो गया. इधर पिता-पुत्र को गोली मारने की सूचना के बाद असांव थानाध्यक्ष खुर्शीद आलम, एसआई सुधीर कुमार मौके पर पहुंचे. लोगों का आक्रोश देख उन्होंने वरीय अधिकारियों को सूचना दी. सूचना के बाद आंदर थानाध्यक्ष कैप्टन शहनवाज, दरौली थानाध्यक्ष घटनास्थल पर पहुंच गये. इसके बाद घायल सब्जी व्यवसायी के पुत्र को सीवान सदर अस्पताल भेजवाया. वहीं मृत सब्जी व्यवसायी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. अचानक गोलियों की आवाज सुन मौके पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी. परिजनों के अनुसार मृत सिपाही चौहान अपने पुत्र शैलेश चौहान के साथ सब्जी खरीदने के लिए मैरवा गये हुये थे. सब्जी की खरीद कर स्प्लेंडर बाइक पर लादकर गांव आ रहे थे. इसी बीच अपाची बाइक पर सवार अपराधियों ने गोली मार दी. सूचना पर दरौली विधायक सत्यदेव राम सदर अस्पताल पहुंच घटना की जानकारी ली.
——————-