इवीपी सत्यापन में लापरवाही बरतने पर हुई कार्रवाई
✍️परवेज अख्तर/सिवान;
मैरवा. 106-जीरादेई विधानसभा में इलेक्टर्स वेरिफिकशन प्रोग्राम में लापरवाही बरतने वाले 180 बीएलओ से विधान सभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधक पदाधिकारी सह उप समाहर्ता भूमि सुधार ने स्पष्टीकरण पूछा है. बीएलओ को बीएलओ एप से मतदाताओं का वेरिफिकेशन करना है. जीरादेई विधानसभा के मैरवा प्रखंड में 64, जीरादेई में 76 तथा नौतन प्रखंड में 40 बीएलओ से शोकॉज किया गया है. स्पष्टीकरण का जवाब नहीं देने पर इनके विरूद्ध कार्रवाई तय मानी जा रही है.
बतातें चलें कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर एक सितंबर से मतदाता सत्यापन का कार्य चल रहा है. इधर जिला पदाधिकारी सीवान द्वारा इस कार्य की प्रतिदिन समीक्षा भी की जा रही है. निर्वाचक निबंधक पदाधिकारी सह उप समाहर्ता भूमि सुधार ने कहा है कि इसको ससमय बैठक आयोजित कर जानकारी भी दी जाती रही है. बावजूद इसके मोबाइल एप से मतदाता सत्यापन का कार्य नहीं किया गया. शोकॉज का जवाब नहीं देने की स्थिति में इनके विरूद्ध प्राथमिकी भी दर्ज करायी जायेगी.