दैनिक खोज खबर/मढ़ौरा (सारण)। स्थानीय थाना क्षेत्र में बाइक सवार तीन युवक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ी में गिर घायल हो गए। घटना गुरूवार दोपहर की बताई जा रही है। मिली जानकारी अनुसार बाइक सवार युवकों ने शिवगंज भकुरा रोड में लेरूआ गांव में काफी तेजी से पुलिस गश्त गाड़ी का ओवरटेक कर आगे निकले और कुछ दूरी पर जाकर बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ी में जा गिरी। जिसमे बाइक सवार तीनों युवक घायल हो गए।पीछे से जा रही पुलिस गश्त गाड़ी के पुलिस कर्मियों ने तीनों युवकों को मढ़ौरा अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाए, जहां पर ड्यूटी में तैनात प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ वीरेश कुमार ने प्राथमिक उपकार किया और बताया कि तीनों युवक खतरे से बाहर है। घायल तीनों युवक मढ़ौरा थाना क्षेत्र के मिर्जापुर निवासी बिरेंद्र मांझी का 25 वर्षीय पुत्र पिंटू कुमार, संजय दिवेदी का 17 वर्षीय पुत्र अभय दिवेद्दी और अभिदेश दुबे का 22 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार बताया जाता है। मौके पर पहुंची पुलिस गश्त टीम में शामिल एसआई सत्येंद्र कुमार ने बताया कि अभी फिलहाल घायल युवकों का इलाज कराया जा रहा है और सभी युवकों का अपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा हैं। कारण की घटना में तीन बाइक सवार युवकों ने काफी तेजी से पुलिस गाड़ी का ओवर टेक किया था और अनियंत्रित होकर पलट गया।