अतिक्रमण का भेंट चढ़ा ताजपुर का पुल

सड़क-पुल के दोनों तरफ दुकानदार अतिक्रमण कर प्रतिदिन गैर-कानूनी ढंग से अपनी मुर्गा-मछली, पकोड़े आदि की लगाते है दुकानें

मांझी (सारण)। मांझी- दरौली मुख्य मार्ग पर ताजपुर दाहा नदी के ऊपर बना पूल अतिक्रमण का भेट चढ़ने के कारण यात्रियों व वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। प्रतिदिन विशेषकर दोपहर बाद शाम को इस सड़क पूल के दोनों तरफ दुकानदार अतिक्रमण कर गैर-कानूनी ढंग से अपनी मुर्गा-मछली, पकोड़े की दुकानें लगा देते हैं। खेल-खिलौने की भी दुकानें सजा दी जाती है। वहीं शेष जगहों पर ऑटो की लंबी कतार लगा कर चालक यात्रियों का इंतजार करते हैं। शाम को पूल एक मार्केट में तब्दील हो जाता है। जहां बड़ी संख्या में लोग पहुंच कर खरीदारी करते हैं। भीड़ के कारण छोटे-छोटे वाहनों को भी पूल को पार करने में परेशानी होती है। यहां से गुजरने वाले वाहनों चालको से अगर थोड़ी सी भी असावधानी हुई तो भयंकर हादसे से इंकार नही किया जा सकता है। जान-माल की क्षति की आशंका हमेशा बनी रहती है।जिस पर प्रशासन का कोई ध्यान नही है।

पुल से होकर जाते हैं दूसरे राज्य को गाड़ियां

दाहा नदी पर बने इस पुल से होकर उड़ीसा,बंगाल, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब तक के गाड़ियां गुजरती हैं। इस पुल से छपरा से सिवान जाने वाले लोगों को काफी सहूलियत होती है। लेकिन धीरे-धीरे पुल पर छोटे-छोटे दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण हो जाने के बाद वाहन चालकों को दिक्कत का सामना करना पड़ता है। बड़ी मुश्किल से गाड़ियां शाम को निकल पाती है। जिसके लिए उनको घंटों इंतजार करना पड़ता है या रात होने के बाद ही पुल से गुजर पाती है। जिसके चलते ट्रांसपोर्ट वाली गाड़ियों को समय पर माल डिलीवरी नहीं होने के चलते काफी घाटा उठाना पड़ रहा है।

क्या कहते हैं अधिकारी-

मामला संज्ञान में है जल्द ही कार्रवाई की जाएगी
नीरज कुमार मिश्रा
थानाध्यक्ष, मांझी

पुल पर हो रहें अतिक्रमण को अति शीघ्र हटाने के लिए थाना को निर्देशित किया जा रहा है। पुल से जल्द ही अतिक्रमण हटा दिया जाएगा। –

दिलीप कुमार
अंचलाधिकारी, मांझी