419 आंगनबाड़ी केंद्रों को नहीं मिल रही जमीन
भवन के अभाव में खुले आसमान के नीचे पढ़ रहे नौनिहाल

#150 आंगनबाड़ी केंद्रों में चल रहा भवन निर्माण का कार्य

#परवेज अख्तर /सिवान,
गोपालगंज : अब भी जिले के लगभग 16760 नौनिहालों को छत नसीब नहीं हो रहा है. जिले में कुपोषण को दूर किये जाने और स्कूल पूर्व शिक्षा के लिए 3023 आंगनबाड़ी केंद्रों की स्वीकृति सरकार के द्वारा प्रदान की गयी है जो जिले के 14 परियोजना में संचालित है. इनमें लगभग एक लाख 20 हजार बच्चे कुपोषण से निजात पाने एवं स्कूल पूर्व शिक्षा को लेकर नामांकित है. जिन्हें हर हाल में कुपोषण से मुक्ति दिलाये जाने को लेकर सरकार तत्पर है. वही उन्हें आंगनबाड़ी के अपने भवन में स्कूल पूर्व शिक्षा दिलाये जाने को लेकर सरकार प्रयासरत है. सरकार के द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण को लेकर अंचल पदाधिकारी एवं बाल विकास परियोजना पदाधिकारी के माध्यम से जमीनों की तलाश करायी जा रही है. फिर भी गोपालगंज जिले के 14 परियोजनाओं में 419 आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण निर्माण के लिए जमीन नहीं मिल रही है. जिसके कारण इन केंद्रों के बच्चों को छह नसीब नहीं हो रही है. जिले के संचालित 3023 आंगनबाड़ी केंद्रों में महज 1160 आंगनबाड़ी केंद्रों के पास ही अपना भवन है. जबकि 150 आंगनबाड़ी केंद्रों में भवन का निर्माण करार्य चल रहा है. जबकि, 298 आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए भूमि का चयन जिला प्रशासन के द्वारा कर लिया गया है. डीपीओ सुनैना कुमारी ने बताया कि इन आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए जमीन मिल चुकी है. इन केंद्रों में शीघ्र ही भवन निर्माण का कार्य कराया जायेगा. जबकि, जहां भवन नहीं है उन केंद्रों में जमीन की तलाश प्रशासनिक स्तर पर की जायेगी, ताकि इन केंद्रों को भी अपना भवन नसीब हो सके. वही सभी नौनिहालों को छत मिल सके.