परिजनों के चीत्कार से गमगीन हुआ घाट
पानापुर (सारण)थाना क्षेत्र के सारंगपुर डाकबंगला घाट पर गंडक नदी में डूबे युवक का शव घटना के करीब 40 घंटे बाद शुक्रवार को बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और घाट पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
जानकारी के अनुसार, बुधवार की दोपहर उभवा सारंगपुर गांव निवासी स्वर्गीय सुरेश साह के 21 वर्षीय पुत्र राजकुमार शौच के लिए नदी किनारे गया था। इसी दौरान वह गंडक नदी में डूब गया। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम शव की तलाश में जुट गई। गुरुवार को पूरे दिन चले तलाशी अभियान के बावजूद सफलता नहीं मिली।शुक्रवार की सुबह एसडीआरएफ की कार्रवाई शुरू होने से पहले ही परिजनों ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से निजी नाव के जरिए खोज अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद युवक का शव घटनास्थल से लगभग छह किलोमीटर दूर मुजफ्फरपुर जिले के फतेहाबाद घाट के सामने नदी से बरामद किया गया।शव सारंगपुर घाट पहुंचते ही वहां ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजनों के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया। घटना ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया।शव मिलने की सूचना पर पानापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, छपरा भेज दिया।शव की बरामदगी के दौरान जिला परिषद सदस्य रत्नेश कुमार भास्कर, पूर्व जिला परिषद प्रतिनिधि अभिषेक रंजन सिंह उर्फ मुनचुन सिंह, सरपंच प्रतिनिधि केश्वर राय सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।




Recent Comments