4 घण्टे में रेलवे ने हेकाम गांव में बना दिया अंडरग्राउंड समपार
विनीत कुमार, एकमा
पूर्वोतर रेलवे वाराणसी मंडल के अंतर्गत आनेवाले छपरा सिवान रेलखण्ड के एकमा व दाउदपुर स्टेशनों के बीच रेलवे ने बुधवार को अंडरग्राउंड समपार बनाया दिया। इस बार यह अंडरग्राउंड समपार एकमा व दाउदपुर स्टेशनों के बीच पड़नेवाले हेकाम गाँव मे बनाया गया है। रेलवे ने इसके लिए 4 घण्टे का मेगा ब्लॉक इस रेलखण्ड पर लिया था। ब्लॉक मिलने के बाद सुबह 7.15 बजे से कर्मियों ने युद्धस्तर पर कार्य करना प्रारंभ किया व 11.15 बजे तक हेकाम मे अंडरग्राउंड समपार बनाया दिया।
एकमा स्टेशन पर ड्यूटी कर रहे स्टेशन मास्टर ने बताया कि 11.15 बजे छपरा सिवान रेलखण्ड पर ट्रेनो का परिचालन प्रारम्भ हो गया।
रेलवे द्वारा मेगा ब्लॉक लिए जाने के कारण रेल यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

रद्द रही आधा दर्जन सवारी गाड़ियां
——
छपरा सिवान रेलखण्ड पर ब्लॉक लिए जाने के कारण इस रेलखण्ड से गुजरनेवाली आधा दर्जन सवारी गाड़ियां निरस्त की गई थी। निरस्त की गई सवारी गाड़ियों में गोरखपुर से चलकर पाटलिपुत्रा जानेवाली 55008 डाउन सवारी गाड़ी, भटनी से चलकर छपरा आनेवाली 55010 डाउन सवारी गाड़ी। छपरा से चलकर भटनी जानेवाली 55115 अप सवारी गाड़ी, छपरा से चलकर गोरखपुर जानेवाली 55019 अप सवारी गाड़ी, पाटलिपुत्रा से चलकर गोरखपुर जानेवाली 55007 अप सवारी गाड़ी शामिल हैं।
इनके अतिरिक्त बथुआ बाजार से चलकर हाजीपुर जानेवाली 55542 डाउन सवारी गाड़ी बथुआ बाजार से छपरा के बीच निरस्त रही। इस सवारी गाड़ी को आज छपरा से ही हाजीपुर के लिए रवाना किया गया।
सवारी गाड़ियों के निरस्तीकरण के कारण दैनिक यात्रियों को काफी परेशानी हुई।
मेगा ब्लॉक के कारण कई ट्रेनें हुई लेट
—–
छपरा सिवान रेलखण्ड के एकमा व दाउदपुर स्टेशनों के बीच मेगा ब्लॉक लिए जाने के कारण कई एक्सप्रेस ट्रेनें विलम्ब हुई। हालांकि राहत की बात ये रही कि इस बार किसी ट्रेन को मशरख के रास्ते डाइवर्ट करके नही चलाया गया।
मेगा ब्लॉक लिए जाने के कारण सीतामढ़ी से चलकर आनंद विहार जानेवाली 14005 अप लिच्छवी एक्सप्रेस दाउदपुर स्टेशन पर, नई दिल्ली से चलकर दरभंगा जानेवाली 12566 डाउन बिहार संपर्क क्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस एकमा स्टेशन पर काफी देर तक खड़ी रही। इसके अतिरिक्त आम्रपाली एक्सप्रेस, बरौनी ग्वालियर मेल, मौर्या एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें भी विभिन्न स्टेशनों पर खड़ी रही।
कौशन पर फिलहाल चलेंगी गाड़ियां
—–
रेलवे के परिचालन से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल एकमा व दाउदपुर स्टेशनों के बीच सभी ट्रेनें कौशन पर ही चलाई जाएंगी। फिलहाल इस अंडरग्राउंड समपार से ट्रेनें 10-15 किलोमीटर प्रति घण्टे की रफ्तार से गुजरेंगी। फिर अगले 7 दिनों के बाद ट्रेनो की रफ्तार बढ़ाई जाएगी।
आपको बता दे कि पिछले महीने भी रेलवे ने छपरा सिवान रेलखण्ड के एकमा व छपरा स्टेशनों के बीच अलग अलग जगहों पर मेगा ब्लॉक लेकर तीन मानवरहित समपार फाटकों को अंडरग्राउंड समपार बना दिया था। इस बार यह चौथा अंडरग्राउंड समपार भारतीय रेलवे ने बनाया है।