मांझी के कन्या प्राथमिक विद्यालय और नवसृजित प्राथमिक विद्यालय गोबरही में सांस्कृतिक कार्यक्रम, ग्रामीणों ने भी देखी बच्चों की मनमोहक प्रस्तुति

मांझी (सारण)। मांझी प्रखंड के कन्या प्राथमिक विद्यालय गोबरही टोला और नवसृजित प्राथमिक विद्यालय गोबरही में छठ महापर्व के अवसर पर छात्र-छात्राओं ने मनमोहक झांकी प्रस्तुत कर लोक आस्था और पारंपरिक संस्कृति का संदेश दिया। बच्चों ने छठ गीतों के साथ घर से छठ घाट तक जाने, घाट पर पूजा-अर्चना करने और भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने की पूरी परंपरा का सुंदर चित्रण किया।

झांकी में बच्चों ने छठ पूजा की विभिन्न रस्मों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। पंडित की भूमिका में आहान कुमार सिंह ने अपनी प्रस्तुति से सबका ध्यान आकर्षित किया। वहीं छठ व्रती महिलाओं की भूमिका में छात्राएं अंशिका कुमारी, पुष्पा कुमारी, रौशनी कुमारी, शिल्पी कुमारी, आराध्या कुमारी, गुंजन कुमारी और मधु कुमारी सहित अन्य बच्चियों ने शानदार अभिनय किया।

इस अवसर पर कन्या प्राथमिक विद्यालय के प्रधान शिक्षक बी. के. भारतीय और नवसृजित प्राथमिक विद्यालय के प्रधान शिक्षक गजेंद्र कुमार सिंह ने बच्चों एवं अभिभावकों को छठ महापर्व की धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक महत्ता के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों को अपनी लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को समझने का अवसर मिलता है।

कार्यक्रम का निर्देशन शिक्षिका आशना ऐजाज ने किया। इस दौरान प्रधान शिक्षक बी. के. भारतीय ने भी छठ गीत गाकर विद्यालय परिसर को भक्तिमय बना दिया। बच्चों की आकर्षक प्रस्तुति देखने के लिए गांव के कई ग्रामीण भी विद्यालय पहुंचे और उनका उत्साहवर्धन किया।

इस आयोजन के माध्यम से विद्यालयों ने बच्चों को छठ महापर्व की परंपराओं से जोड़ने के साथ ही लोक संस्कृति के संरक्षण का संदेश दिया।