छपरा, 6 नवंबर (धर्मेंद्र रस्तोगी): सारण जिले के बनियापुर में सीएसआर (CSR) के तहत सेल (SAIL) द्वारा निर्मित ‘खेल सम्मान भवन’ का भव्य लोकार्पण बिहार के माननीय राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) श्री सैयद अता हसनैन ने किया। आजादी के बाद पहली बार किसी राज्यपाल के बनियापुर आगमन को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक अवसर बताया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि खेल केवल शारीरिक गतिविधि नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह भवन ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारने और सारण को खेल के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में मील का पत्थर साबित होगा।

महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल और स्थानीय विधायक केदारनाथ प्रसाद सिंह ने इस पहल की सराहना की। वहीं, खेल एवं उद्योग मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि वर्ष 2036 के ओलंपिक विजन में बिहार के खिलाड़ियों की अहम भूमिका होगी। इस नए भवन से खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, कोचिंग और राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन का अवसर मिलेगा। इस मौके पर विधायक जनक सिंह, छोटी कुमारी, देवेश कांत सिंह,विधान पार्षद बीरेंद्र नारायण यादव, पूर्व विधान पार्षद महाचंद्र प्रसाद सिंह, जदयू जिला अध्यक्ष वैद्यनाथ सिंह विकल समेत कई गणमान्य सदस्य शामिल रहे।कार्यक्रम के अंत में सारण डीएम वैभव श्रीवास्तव ने सभी का धन्यवाद ज्ञापन किया।