पश्चिम चम्पारण ब्यूरो प्रमुख दुर्गा दत्त पाठक की रिपोर्ट :-
बेतिया। नगर पालिका आम निर्वाचन 2017 के तहत दिनांक 21 मई 2017 को पश्चिम चंपारण जिला के पांच नगर निकायों में जिसमें नगर परिषद बेतिया, नगर परिषद नरकटियागंज, नगर परिषद बगहा, नगर पंचायत रामनगर, नगर पंचायत चनपटिया में वार्ड पार्षद के चुनाव हेतु मतदान कराए जाएंगे। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) पश्चिम चंपारण लौकेश कुमार सिंह द्वारा बताया गया कि नगर पालिका चुनाव हेतु पूरी तैयारी कर ली गई है ।पश्चिम चंपारण जिला के सभी पांच नगर निकायों में कुल 137 वार्डों में वार्ड पार्षद के चुनाव हेतु मतदान कराए जा रहे हैं। इस मतदान की हेतु कोई 270 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जिसमें बेतिया नगर परिषद में 102 मतदान केंद्र, नरकटियागंज नगर परिषद में 39, मतदान केंद्र, बगहा नगर परिषद में 75 मतदान केंद्र, चनपटिया नगर पंचायत में 19 मतदान केंद्र, रामनगर नगर पंचायत में 35 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि मतदान को स्वच्छ शांतिपूर्ण निष्पक्ष संपन्न कराने हेतु सभी मतदान केंद्रों पर चार स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। जिसमें अतिरिक्त पुलिस बल सशस्त्र बल के साथ गस्ती संग्रहण दल, सेक्टर दंडाधिकारी एवं जनरल दंडाधिकारी शामिल हैं। वे नगरपालिका आम चुनाव 2017 की तैयारी के संबंध में समाहरणालय सभा कक्ष में आयोजित प्रेस मीटिंग में मीडिया प्रतिनिधियों को संबोधित कर रहे थे। जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि मतदान को मतदान करने हेतु अपने पास पहचान पत्र रखना आवश्यक होगा। जिसमें भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्गत निर्वाचन फोटो पहचान पत्र (ईपीक) के अलावा राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा स्वीकृत 15 अन्य फोटोयुक्त वैकल्पिक दस्तावेजों में से कोई एक पहचान पत्र मतदान के लिए आवश्यक होगा। प्रेस मीटिंग में उपस्थित पुलिस अधीक्षक बेतिया विनय कुमार द्वारा बताया गया कि नगर पालिका आम चुनाव को पूर्ण स्वास्थ्य एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराया जाएगा। सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में सशस्त्र बल के साथ दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। मतदान में किसी भी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न करने वाले व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्हें गिरफ्तार कर सीधे जेल भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला नियंत्रण कक्ष से भी वरीय दंडाधिकारी एवं पुलिस दंडाधिकारी मतदान प्रक्रिया पर पूरी नजर रखेंगे। प्रेस मीटिंग में डीएम-एसपी बेतिया के अलावा डीडीसीए सह वरीय प्रभारी पदाधिकारी राजेश मीणा, अपर समाहर्ता सह वरीय प्रभारी अंसार अहमद, डी पी  आर ओ सह प्रभारी मीडिया कोषांग सुशील कुमार शर्मा, जिला पंचायत राज पदाधिकारी राजीव सहित अनेकानेक मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।