हल्की बारिश के बाद नरक में तब्दील हुई एकमा नगर पंचायत की सड़के
राहगीरों का पैदल चलना भी हुआ मुश्किल
नही चेत रहा नप प्रशासन, अभी पूरी बरसात है बाकी
विनीत कुमार, एकमा
एकमा में रुक रुक कर हुई बारिश के बाद नगर पंचायत की सड़के कीचड़ से सन गई है। नगर पंचायत के सड़कों की स्थिति ऐसी हो गयी है कि इनपे दोपहिया और चारपहिया वाहनों को कौन कहे, राहगीरों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
आये दिन इन सड़कों पर जलजमाव के कारण लोग दुर्घटना का शिकार हो रहे है मगर नगर पंचायत प्रशासन हाथ पे हाथ रख कर बैठा है।
ब्लॉक पथ की स्थिति भी दयनीय
—-
नगर पंचायत का प्रखंड पथ भी जर्जर हो चूका है। इस पथ पर व्यापार मंडल के निकट जलजमाव से लोगो को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। व्यापार मंडल के निकट ही एकमा ताजपुर स्टैंड है जहाँ प्रतिदिन सैकड़ो यात्री ताजपुर का वाहन पकड़ने के लिए आते है।
गौरतलब है कि इसी सड़क से प्रतिदिन प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी समेत कई अधिकारी व कर्मचारी प्रतिदिन गुजरते है मगर इस ओर किसी ने ध्यान नही दिया।

एकमा मांझी रोड पर ईंट गिरा कर रोलर चलवाना भूल गए
—–
ब्लॉक रोड से भी दयनीय स्थिति एकमा मांझी मुख्य सड़क की है। व्यापार की दृष्टि से भी यह सड़क काफी महत्वपूर्ण है। बारिश के बाद यह सड़क झील में तब्दील हो चूका है। इस सड़क पर कुछ दिन पहले नगर पंचायत प्रशासन ने ईंट गिरवा दिया जिससे की सड़कों पर उभरे गड्ढे भर जाए। मगर ईंट गिराने के बाद उसपे रोलर चलवाना भूल गए। बारिस के बाद जलजमाव होने से इन्ही ईटो से टकराकर कई लोग गिर जाते है और दुर्घटना का शिकार हो जाते है।
इस सड़क में सबसे खतरनाक स्थिति एकमा पी एच सी के निकट की है।
लोग परेशान है क्योंकि अभी तो पूरी बारिश बाकी है
—-
एकमा नगर पंचायत के लोग इस बात को लेकर चिंतित है कि ये तो अभी मॉनसून की शुरुआत है। शुरुआत में ही ये स्थिति है, अभी तो पूरी बरसात बाकी है।
नाला का निर्माण नही होने से बढ़ी है परेशानी
—–
नगर पंचायत में समुचित तरीके से नाले का निर्माण नही होने के कारण सड़को पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गयी है। जहाँ नाले बने भी है वहाँ उनकी सफाई नही की गयी है जिस कारण नाले का पानी सड़को पर आ जा रहा है।
क्या बोली मुख्य पार्षद
—–
सड़को पर जलजमाव एक गंभीर समस्या है। नाले की सफाई नही होने से भी सड़को पर जलजमाव हो रहा है। शीघ्र इस समस्या का समाधान किया जाएगा।
अनामिका देवी
मुख्य पार्षद
एकमा नगर पंचायत




Recent Comments