भीलवाड़ा मे फर्जी डीटीओ चौथ वसूली करते गिरफ्तार
देवप्रकाश साहु
भीलवाड़ा 2 अप्रैल। अजमेर हाईवे स्थित दाता पायरा चौराहे के नजदीक पुलिस ने जोधपुर जिले के फर्जी डीटीओ को गिरफ्तार कर नीली बत्ती लगी बोलेरो व ₹11500 की राशि जब्त की है। आरोपी ने पकड़े जाने से पूर्व अपने तीन साथियों को भीलवाड़ा शहर में छोड़ दिया था। रायला थाना प्रभारी भाग सिंह शक्तावत ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली की दाता पायरा चौराहे पर नीली बत्ती लगी एक बोलेरो खड़ी है । जिसमें फर्जी डीटीओ बैठा है और हाइवे से गुजरने वाले ट्रक और अन्य वाहनों से वसूली कर रहा है। इस सूचना पर दाता पायरा चौराहे के नजदीक पहुंचे जहां खड़ी मिली ।नीली बत्ती लगी बोलेरो पुलिस को देख भागने लगी। पुलिस ने अपना वाहन आगे लगाकर बोलेरो को रुकवा लिया। बोलेरो में परिवहन विभाग की वर्दी पहना एक व्यक्ति बैठा था जब की गाड़ी पर परिवहन विभाग का कोई लोगो लगा हुआ नहीं मिला। पुलिस ने बोलेरो में सवार व्यक्ति से पूछताछ की तो वह पुलिस को गुमराह करते हुए अलग अलग नाम बताने लगा । बाद में उसने खुद को जोधपुर जिले के जुडिया गांव का निवासी लख सिंह पुत्र हरि सिंह चारण बताया ।पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली तो उसमें11500 रुपय और कपड़े मिले । साथ ही आरोपी लख सिंह ने यह भी कबूल किया कि उसके साथ तीन और साथी बेनार जयपुर निवासी गजेंद्र सिंह पुत्र श्री पाल सिंह चारण अजीत व राजेंद्र चौधरी निवासी थोई जिला सीकर साथ में थे ।भीलवाड़ा में पुलिस की नाकाबंदी को देखते हुए इन तीनों को शहर में उतार दिया था। इसके बाद वह पुलिस से बचने के लिए कच्चे रास्ते पर निकल गया, लेकिन रास्ता भटक जाने से पुनःहाईवे पर पहुंचा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर नीली बत्ती लगी बोलेरो,परिवहन विभाग की वर्दी जब्त कर ली । साथ उसके खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज किया है।




Recent Comments