सांसद रुडी के साथ जिलाधिकारी ने की गैस पाइपलाइन परियोजना की समीक्षा

• IOCL के दिल्ली, बिहार और सारण के अधिकारियों के साथ हुई वर्चुअल समीक्षा बैठक
• जिला में 900 करोड़ रुपये की लागत से कार्यान्वित की जा रही है योजना
• छपरा शहर के 20 हजार घरों में पाइपलाइन के माध्यम से रसोई गैस का कनेक्शन देने का काम शुरू
• पाइपलाइन के लिए काटे गये पथ निर्माण विभाग के चैनलों को बरसात के पूर्व अविलम्ब भरने का सांसद रुडी ने दिया निर्देश
• IOCL ने कोविड के कारण पाइपलाइन से गैस आपूर्ति की प्रक्रिया में हुए विलम्ब पर जताया खेद
• गैस पाइपलाइन के मामले में राज्य में सबसे बड़ा नेटवर्क होगा सारण जिला
• अगले तीन वर्ष में चार लाख घरों की रसोई में पाइपलाइन के माध्यम से पहुंचेगा स्वच्छ ईंधन
• वर्चुअल बैठक में छपरा विधायक डा॰ सीएन गुप्ता, अमनौर विधायक मंटू सिंह समेत बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के प्रबंध निदेशक, उप विकास आयुक्त, जिला कल्याण पदाधिकारी, NHAI के अधिकारियों ने की शिरकत
• 8 मार्च 2019 को हुआ था योजना का शिलान्यास
• 838 इंच किलोमीटर पाइपलाईन बिछाने का लक्ष्य, सारण के शहरी क्षेत्र में 80 प्रतिशत काम पूरा।
• CNG की आपूर्ति के लिए सारण में 26 स्टेशन
• मढ़ौरा के लिए विशेष औद्योगिक और वाणिज्यिक गैस की आपूर्ति
• दिल्ली और मुम्बई की तर्ज पर छपरा में भी सीधे पाइपलाइन से होगी गैस की आपूर्ति

सारण, 09 जून 2021 । अब छपरा में भी दिल्ली, मुंबई, पुणे, हैदराबाद जैसे बड़े शहरों की तर्ज पर पर्यावरण के अनुकूल स्वच्छ ईंधन की आपूर्ति सुनिश्चित हो गई है। IOCL की उक्त परियोजना का आज स्थानीय सांसद सह भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव प्रताप रुडी के नेतृत्व में वर्चुअल समीक्षा बैठक हुई। बैठक में छपरा से भाजपा विधायक डा सीएन गुप्ता, अमनौर के भाजपा विधायक मंटू सिंह, सारण के जिलाधिकारी डा निलेश रामचन्द्र देवरे, उप विकास आयुक्त, जिला कल्याण पदाधिकारी, एनचएआई के परियोजना निदेशक, कार्यपालक अभियन्ता पथ प्रमण्डल छपरा, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के प्रबंध निदेशक, सुरेंद्र राय के साथ ही सीटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन परियोजना के दिल्ली से मुख्य महाप्रबंधक राज जुत्सु, उप महाप्रबंधक पवन सिन्हा, एस के शर्मा, ईडी एवं पटना से ईडी एस के नंदी और सारण में योजना के सीनियर मैनेजर अनीश कुमार समेत IOCL के अन्य अधिकारी और इंजीनियर सत्येन्द्र कुमार उपस्थित थे।
इस संदर्भ में सांसद रुडी ने बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के बाद श्री नरेंद्र मोदी जी की दूरदर्शी नीति का सुखद परिणाम है रसोई गैस पाईपलाइन। इस योजना के तहत अब सारण की जनता को भी उनके रसोई घरों में पाईपलाइन के माध्यम से स्वच्छ ईंधन उपलब्ध होगा। रुडी ने बताया कि मुजफ्फरपुर से सीधे जुड़ने वाली इस 900 करोड़ की लागत वाली परियोजना में 838 इंच किलोमीटर पाइपलाइन बिछाया जाना है जिसमें से सारण के शहरी क्षेत्रों में लगभग 80 फिसदी पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा हो गया है। शेष शीघ्र ही पूरा कर लिया जायेगा। योजना तहत व्यक्तिगत और व्यावसायिक परिवहन के साधनों में सीएनजी की आपूर्ति के लिए भी 40 से अधिक स्टेशनों की स्थापना की जानी है जिसमें से 26 सारण में होंगे। इससे जहां चार लाख घरों में सीधे पाइपलाइन के माध्यम से घरेलू गैस की आपूर्ति की जायेगी वहीं आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ औद्योगिक उपभोक्ताओं को भी गैस की आपूर्ति होगी।
श्री रुडी ने कहा कि योजना से हर घर स्वच्छ ईंधन के साथ ही वाणिज्यिक और औद्योगिक रूप से भी यह फायदेमंद होगा। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक गैस न केवल एक स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल ईंधन है, बल्कि इसके उच्च ऑटो-इग्निशन तापमान, कम ज्वलन शीलता रेंज और हवा की तुलना में हल्का होने के कारण उपयोग करने लिए सुरक्षित और सुविधाजनक है। एक सस्ता ईंधन होने के अलावा CNG से चलने वाले वाहनों का रखरखाव लागत भी कम रहता है। विदित हो कि सांसद रुडी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर योजना का विस्तार सारण तक करने का आग्रह किया था। श्री रुडी के निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप ही वर्ष 2019 में छपरा को गैस पाइपलाइन का यह बड़ा तोहफा मिला और 8 मार्च को योजना की आधारशिला रखी गई।