भाजपा ले रही है भाया समर्थकों से उम्मीदवारी की राय
इस बार कांटे की टक्कर
फ़िरोज़ खान
Edited by azad nab
बारां 18 जुलाई। गत रात्रि को भारतीय जनता पार्टी ने संभाग के सबसे बडे सहकारी क्षेत्र के बारां नागरिक सहकारी बैंक के 31 जुलाई को होने वाले 12 सदस्यीय संचालक मंडल चुनाव में उम्मीदवारी तय करने के लिए बुलाई पार्टी बैठक में कट्टर भाया समर्थकों को बुलाकर भाजपा के उम्मीदवार तय करने के लिए राय-मशविरा किया। जिसकी आज पूरे शहर में व्यापक चर्चा रही। गौरतलब है कि नागरिक सहकारी बैंक बारां में अधिकांश सदस्य व्यापारिक कारोबारी क्षेत्र से आते है तथा अधिकांश उम्मीदवार इस बैंक के लिए व्यापारिक क्षेत्र से ही चयन किए जाते है। भारतीय जनता पार्टी ने गत रात्रि को शहर के व्यापार प्रमुखों की एक बैठक आहूत कर चुनाव के लिए संभावित उम्मीदवारों के नाम टटोले। इस बैठक में ऐसे लोगों को भी बुलाया गया जो दिन-रात भाया के गुणगान करते हुए आम चैराहे पर भाजपा को भला-बुरा कहने से नही चूकते तथा सुबह ही हाजरी भी भाया के घर लगना स्वाभाविक रहता है। ऐसे में भाजपा भाया समर्थक लोगों से अपने उम्मीदवारों के लिए रायशुमारी करेगी तो ऐसे में फिर परिणाम किस प्रकार से भाजपा के पक्ष में आएंगे जब घर में ही भेदियों को बुलाकर अपने राज खोले जाएंगे। यहां यह भी स्पष्ट है कि गत चुनाव में भाजपा ने तत्कालीन युवा अध्यक्ष आनन्द गर्ग के नेतृत्व में 11 में से 10 सीटों पर कब्जा कर कांग्रेस के बडे दिग्गजों को धराशायी किया था लेकिन जब हालात और थे। जब शहर व जिले का व्यापारी समाज दो बडी घटनाओं के कारण कांग्रेस से काफी रूष्ट था। वहीं निर्विवाद छवि के रामस्वरूप राठौर का नाम अध्यक्ष के लिए तय कर दिए जाने के बाद आम मतदाताओं ने भाजपा के पक्ष में मतदान किया। लेकिन अब स्थिति स्पष्ट है जहां महाजन व व्यापारी वर्ग भाजपा से पूरी तरह बगावत पर है वही भाजपा इस बार किसी चेहरे को लेकर भी चुनाव नही लडेगी। ऐसे में इस बार का मुकाबला कांग्रेस व भाजपा पैनल के बीच कांटे का कहा जा सकता है। परिणाम क्या होंगे यह मतदाताओं के विवेक पर निर्भर करता है।