बैंक के सामने ही लूट लिया महिला से 50 हजार का बैग
राकेश फौजदार 
भरतपुर 14 अप्रैल। राजस्थान में भरतपुर के पुलिस थाना मथुरागेट की कृष्णा नगर कालोनी में कैनरा बैंक से 50 हजार रुपए निकाल कर ले जा रही एक महिला के साथ बैंक के बाहर लूट की वारदात हो गई। बाइक सवार दो युवक महिला के साथ से बैग छीनकर भाग गए। बैग में बैंक से निकाली गई राशि रखी थी।
जानकारी के अनुसार अनाह गेट निवासी पीडि़ता महिला संगीता रुपए निकलवाने के लिए कैनरा बैंक आई थी। वहां उसने चेक के जरिये 50 हजार रुपए निकलवाए और बैग में रख कर बाहर आ गई। बैग में मोबाइल भी रखा हुआ था। इसी दौरान बाइक पर आए दो बदमाश उससे बैग छीन कर फरार हो गए। बाद में सूचना मिलने पर मथुरा गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पूछताछ के दौरान महिला बैग में रखे मोबाइल का नंबर नहीं बता पाई। पुलिस बैंक में सीसीटीवी फुटेज देखने में जुटी है।