सुरक्षा के चाक चौबंद व्यवस्था के बीच परिंदा भी पर नही मार सकें ऐसी हो रही व्यवस्था

तैयारी का जायजा लेते वरीय अधिकारी

बी एन सिंह पप्पन/सहरसा 
केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह के 25 अप्रैल को वीर कुंवर सिह विजय उत्सव में भाग लेने को सहरसा आने को लेकर जिले में तैयारी तेज कर दी गई है। 
केन्द्रीय गृह मंत्री के सहरसा दौरे के दौरान भारत व नेपाल की सीमा को पूरी तरह सील कर दी जायेगी। जबकि जनसभा स्थल सहित मूर्ति अनावरण स्थल के समीपस्थ अवस्थित भवनों पर सुरक्षा बल तैनात रहेंगे। केन्द्र सरकार के सुरक्षा लाइजनर आइपीएस एस के झा ने शनिवार को सहरसा पहुंचकर गृह मंत्री के दौरे को लेकर स्थानीय अधिकारियों के साथ समीक्षा की। 
केन्द्रीय गृह मंत्री के आगमन से पूर्व सुरक्षा समन्वय समिति की आयोजित बैठक के क्रम में उन्होंने पटेल मैदान में होने वाली जनसभा व कुंवर सिंह चौक पर मूर्ती अनावरण कार्यक्रम को लेकर स्थानीय अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिये। पटेल मैदान में आगामी कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए सुरक्षा लाइजनर झा ने स्थानीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनसभा सहित मूर्ति अनावरण कार्यक्रम में काले वस्त्र पहनने वाले या फिर काले रंग के किसी भी सामान को लेकर पहुंचने वाले लोंगों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।जबकि इलेक्ट्रोनिक कार्की ले जाने पर भी रोक लगी रहेगी। 
प्रस्तावित जनसभा स्थल पर मौजूद भाजपा विधायक सह बाबू वीर कुंवर सिंह जागरण मंच के अध्यक्ष नीरज कुमार बबलू, एसडीओ सौरभ जोरवाल, एडीएम अनिल पाण्डेय, एसडीपीओ सुबोध कुमार विश्वास, सिविल सर्जन डाॅक्टर अशोक कुमार सिंह, विद्युत अनुमंडल पदाधिकारी आलोक अमृतांश सहित अन्य अधिकारियों से सुरक्षा को लेकर मंत्रणा करते हुए झा ने कहा कि जनसभा स्थल एवं मूर्ति अनावरण स्थल सहित हवाई पट्टी पर भी बिना पास के कोई भी अधिकारी, कर्मचारी और पुलिस बल भी प्रवेश नहीं ले सकते।

तैयारी की जानकारी देते विधायक बबलू सिह

 उन्होंने सदर एसडीओ को अपने हस्ताक्षर से पास निर्गत करने का निर्देश दिया। केन्द्रीय सुरक्षा लाइजनर झा ने अधिकारियों को जानकारी देते हुए कहा कि केन्द्रीय गृह मंत्री सिंह पुर्णिया के चुनापूर हवाई हड्डा से सहरसा हवाई अड्डा पर लैंड करेंगे और कार्यक्रम में भाग लेकर पुनः चुनापूर के लिए प्रस्थान करेंगे। 
उन्होंने स्थानीय अधिकारियों को मौसम का हवाला देकर कहा कि अगर 25 अप्रैल को मौसम का मिजाज ठीक नहीं रहा तो फिर गृह मंत्री सड़क मार्ग से ही यात्रा करेंगे। ऐसे में सड़क मार्ग से की जाने वाली यात्रा को लेकर भी तैयार पूर्व में ही कर लेना आवश्यक है। उन्होंने इस कार्यक्रम में भागीदार होने वाले विभागीय अधिकारियों को कार्यक्रम से एक दिन पूर्व ही अनापत्ति प्रमाण पत्र जमा कर देने का सख्त निर्देश दिया। कार्यक्रम के आयोजक विधायक बबलू द्वारा गृह मंत्री के कार्यक्रम में ड्रोन कैमरे लगाने की बात कहे जाने पर उन्होंने कहा कि इसके लिए गृह मंत्रालय से स्वीकृति लेना आवश्यक है। उन्होंने विधायक बबलू से आग्रह करते हुए कहा कि ड्रोन कैमरा लगाने के लिए आप गृह मंत्रालय से पूर्व में ही संपर्क स्थापित कर ले।