छपरा। सारण जिले के परसा डेरनी थाना क्षेत्र अंतर्गत खजौली गांव में खेत में पानी पटाने के दौरान बिजली का करंट लगने से एक महिला और उनके 14 वर्षीय पुत्र की दर्दनाक मौत हो गई। इस मर्मस्पर्शी घटना से पूरे इलाके में मातम पसर गया है और पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय सांसद राजीव प्रताप रूडी के निर्देश पर भाजपा नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार के घर पहुंचा। सभी नेताओं ने शोक संतप्त परिवार से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान सांसद राजीव प्रताप रूडी ने भी दूरभाष के माध्यम से पीड़ित परिवार से बात कर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

मौके पर मौजूद भाजपा नेता एवं सांसद प्रतिनिधि राकेश कुमार सिंह ने विद्युत अधीक्षण अभियंता से बात कर पीड़ित परिवार को विभाग की ओर से मुआवजा जल्द से जल्द दिलवाने की बात कही। नेताओं ने स्पष्ट किया कि प्रशासन स्तर पर भी पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाया जाएगा।

इस प्रतिनिधिमंडल में मंडल अध्यक्ष भूलन जी, अजय नाथ पुरी, अमित सिंह, शैलेश गिरी, वार्ड पार्षद मोहन गिरी, राम बाबू राय, मोनू सिंह, गुड्डू सिंह और विकास सिंह सहित कई ग्रामीण शामिल रहे।