आज ACB दफ्तर जाएंगे कपिल मिश्रा, टैंकर घोटाले में करेंगे बड़ा खुलासा

तासीम अहमद 
नई दिल्ली 8 मई। मंत्री पद से हटाए जाने के बाद आप विधायक कपिल मिश्रा के बगावती तेवर जारी हैं। आज कपिल मिश्रा वाटर टैंकर घोटाले को लेकर एसीबी (एंटी करप्शन ब्रांच) के दफ्तर जाएंगे। बताया जा रहा है कि इस दौरान कपिल मिश्रा घोटाले से जुड़े कुछ लोगों के नाम एसीबी को बताएंगे। कपिल मिश्रा केजरीवाल के खिलाफ एसीबी को डिटेल भी देंगे। रविवार को कपिल मिश्रा ने आरोप लगाया था कि उन्होंने सत्येंद्र जैन को केजरीवाल को 2 करोड़  रुपये कैश देते देखा। इस मामले में कपिल मिश्रा सरकारी गवाह बन सकते हैं। कपिल ने बताया कि वो टैंकर घोटाले को लेकर ACB में दो लोगों के नाम देंगे। कपिल ने अशीष तलवार और विभव पटेल के नाम एसीबी को देने का ऐलान किया है।
केजरीवाल सरकार पर कार्रवाई न करने आरोप
रविवार को कपिल मिश्रा ने कहा था कि टैंकर घोटाले से जुड़े रिपोर्ट वो सरकार को काफी पहले दे चुके हैं। बावजूद इसके इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई। कपिल ने ये भी दावा किया था कि जो लोग भ्रष्टाचार में लिप्त हैं और जो उन्हें बचा रहे हैं, ऐसे लोगों को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया जाना चाहिए।
केजरीवाल के खिलाफ करेंगे शिकायत
कपिल मिश्रा ने बताया कि वो सत्येंद्र जैन और अरविंद केजरीवाल के बीच हुए कथित लेनदेन की जानकारी एंटी-करप्शन ब्यूरो को देंगे। उन्होंने कहा कि वो ना सिर्फ इस मामले में गवाह बनने के लिए भी तैयार हैं।
जानें क्या है टैंकर घोटाला?
इससे पहले रविवार को कपिल मिश्रा ने आरोप लगाया था कि उनकी आंखों के सामने सत्येंद्र जैन ने अरविंद केजरीवाल को 2 करोड़ रुपये कैश दिया। साथ ही यह भी दावा किया कि सत्येंद्र जैन ने केजरीवाल के एक रिश्तेदार के लिए 50 लाख रुपये की लैंड डील कराई। हालांकि राजघाट जाकर केजरीवाल पर आरोप लगाने से पहले कपिल मिश्रा ने दावा किया था कि वो टैंकर घोटाले से जुड़े कुछ नामों का खुलासा करेंगे। उन्होंने कहा था कि ये ऐसे नाम होंगे जिन्हें सुनकर केजरीवाल के पैरों से जमीन खिसक जाएगी।
पार्टी विधायकों से मीटिंग
इसी बीच आज आशुतोष पंजाब के आम आदमी पार्टी विधायकों से दिल्ली में मीटिंग करेंगे। इस मीटिंग में पंजाब के संगठन को लेकर चर्चा की जाएगी। बताया जा रहा है कि संगठन में बदलाव को लेकर मीटिंग में विमर्श किया जाएगा।