हड़कंप : मढ़ौरा-खैरा सड़क की गुणवत्ता जांच करने आज आयेगी टीम, रात में भी तेजी से चल रहा है दरार वाले पीसीसी सड़क पर मरम्मत के लिए पिचिंग का काम
★सड़क निर्माण में गड़बड़ी का आरोप, निर्माण के दौरान ही जर्जर हो गई है सड़क।


मढ़ौरा (सारण) :
मढ़ौरा (सारण) : मढ़ौरा -खैरा पथ निर्माण के साथ ही जर्जर की शिकायत पर शुक्रवार को जांच टीम आ रही है । जिससे संवेदक में हड़कंप मचा है । जांच की खबर पर पिछले दो रातों में भी मरम्मत व अधूरे काम को तेजी से पुरा करनें के लिए पिचिंग हो रहा है। वहीं पीसीसी सड़क के उपर फटे दरार पिचिंग कर ढके जा रहे है। रात में भी मजदूर तेजी से जर्जर पीसीसी सड़को को पिचिंग कर ढकने का काम कर रहे थे। आम लोग आश्चर्य कर रहे है की 15 दिन पहले जैसे-तैसे पीसीसी औऱ अब उसके ऊपर पिचिंग!अब देखना बाकी है की जांच टीम किस प्रकार जांच कर रही है।

जैसा की सबों को मालूम है की संवेदक वर्षो से 16 किलोमीटर की दूरी को बना रहा है । आमलोगों की शिकायत है की आगे -आगे सड़क बनती है औऱ पीछे से टूटना भी शुरू कर देता है। जिसको लेकर स्थानीय सांसद से आमजनों ने शिकायत किया था । शिकायत मिलने पर श्री रूडी ने सड़क का निरीक्षण कर जब सड़क के हालात देखा तो विभाग के अधिकारियों को शिकायत किया । शिकायत के आलोक में पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव अमृत लाल मीणा ने एक टास्क फोर्स का गठन किया है जो शुक्रवार को जाँच करने छपरा आ रही है इसके बाद टीम अपनी रिपोर्ट विभाग को सौंपेगी। विदित हो की नवनिर्मित पथ के उखड़ने और मानक के विपरीत कार्य कराये जाने को लेकर स्थानीय लोगों ने सांसद श्री रुडी से शिकायत की थी। वहीं मढ़ौरा-छपरा पथ के निर्माण में अनियमिता बरती गई है जिसकी शिकायत अनुमंडल पदाधिकारी ने जिला पदाधिकारी से लिखित रूप में भी की गई है। हाल ही में मढ़ौरा नगर पंचायत की बैठक में इस संदर्भ में सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिया था और भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई करने की बात कही थी।