शौच के लिए जाने के बाद मंगलवार शाम से थे लापता

✍………परवेज अख्तर (सिवान)

हुसैनगंज. थाना क्षेत्र के बड़रम टोला पांडेपुर निवासी 50 वर्षीय छबीला राम की शौच के दौरान पोखरा में डूबने से मौत हो गई. बुधवार को जैसे ही मौत की जानकारी हुई परिजनों को रो रो कर बुरा हाल हो गया. परिजनों ने बताया कि मंगलवार की शाम तकरीबन सात बजे छबीला राम शौच करने के लिए गांव के बाहर पोखर की तरफ गए थे. काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता हुई. जिसके बाद परिजनों ने खोज बीन करना शुरू कर दिया. देर रात तक ढूंढने के बाद परिजन सुबह का इंतजार करने लगे. इधर बुधवार की सुबह जब लोग पोखरा की तरफ गये तो देखा कि पानी में चप्पल तैर रहा है. इसकी चर्चा गांव में फैल गई. परिजन भी पोखरा की तरफ भागे. चप्पल देखकर परिजनों ने उसे छबीला रात के होने का बताया.
बाद में रस्सी में कंटा बांधकर पानी में फेंका. कांटे में छबीला का कपड़ा फंस गया. जिसके बाद शव को बाहर निकाल परिजन घर लाये. मृतक के दो पुत्र धर्मेंद्र कुमार तथा बृजेश कुमार दिल्ली में प्राइवेट जॉब करते हैं. दो पुत्रियों की शादी पूर्व में हो चुकी है. छबीला राम घर पर ही मजदूरी का काम करते थे. उनकी पत्नी ललिता देवी घर पर रहती हैं. पोता आर्यन कुमार व पोती रागिनी कुमारी का रो रो कर बुरा हाल था. घटना की सूचना मिलते ही एएसआई जहांगीर खान मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया. मुखिया द्वारा पीड़ित परिजन को तीन हजार रुपया प्रदान किया गया. मौके पर रवींद्र मांझी, बीडीसी नन्हे पांडे, ओमप्रकाश मांझी, कर्मचारी मनोज कुमार, हंसराज चौहान, सुदामा राम, उप मुखिया संजय ठाकुर, वार्ड सदस्य कन्हैया राम, राम इकबाल राम, पंच उमेश राम सहित भारी संख्या में लोग उपस्थित रहे.