सड़क सुरक्षा सप्ताह : सड़क पर उतरे एसपी, कइयों को थमाया चलान
विनीत कुमार, छपरा
सारण एसपी हरकिशोर राय शुक्रवार को दल बल के साथ शहर की सड़कों पर दिखे। सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत चलाये जा रहे कार्यक्रम को ले एसपी ने दो पहिया व चारपहिया वाहनचालकों को सावधानी से वाहन चलाने की नसीहत दी वही अवैध पार्किंग की गई कई वाहनों के चलान भी काटे।
शहर को जाममुक्त बनाने के लिए एसपी हरकिशोर राय ने अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में गुरुवार के दिन बैठक की थी। इस बैठक में विभिन्न सामाजिक संगठनों के अतिरिक्त मीडियाकर्मी भी उपस्थित थे।

एसपी के नेतृत्व में शहर में वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया जिसमें दो पहिया वाहनों के कागज, चालक के लाइसेंस, चारपहिया वाहनों के कागज की जांच भी की गई। वाहन जांच से सड़कों पर वाहनों की आवाजाही कम ही दिखी। टेम्पू चालक अपनी टेम्पू गली से लेकर निकलते दिखे।

इसके अतिरिक्त शहर में अवैध अतिक्रमण हटाने के लिये दुकानदारों को नोटिस दिया गया व अतिक्रमण नही करने की हिदायत दी गयी। इस दौरान नगर निगम द्वारा कई दुकानदारों के चालान भी काटे गए।

बताया जाता है कि ट्रैफिक पुलिस द्वारा 39 वाहनों से 21,400 रुपये जुर्माने के रुप में वसूले गए जबकि जिला परिवहन पदाधिकारी जय प्रकाश नारायण व उनकी टीम ने 80 वाहनो से 49 हजार रुपए जुर्माने के रूप के वसूले वही नगर निगम द्वारा 115 दुकानदारों से तकरीबन 30 हजार रुपए की वसूली की गयी। मतलब की एक ही दिन में पुलिस, नगर निगम व परिवहन विभाग की टीम ने 1 लाख रुपये का राजस्व जुटाया।
एसपी ने वाहनचालकों से अत्यधिक तेज गति से वाहन न चलाने, लेन में चलने, व सड़क सुरक्षा से सम्बंधित कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। इस दौरान सदर एसडीपीओ अजय कुमार सिंह, कई पुलिस अधिकारी, स्काउट व गाइड की टीम भी उपस्थित थी।