सूबे की शिक्षा व्यवस्था ध्वस्त – मुद्रिका

इसुआपुर(सारण):बिहार में शिक्षा व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। पिछले 15 वर्षों में शिक्षा का स्तर काफी गिरा है। सूबे के मुखिया नीतीश कुमार अपनी कुर्सी बचाने के लिए केवल वोट बैंक की राजनीति करने में लगे हुए हैं। बिहार के शिक्षक तथा शिक्षार्थी अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रहे हैं। लेकिन उन्हें इनसे कोई लेना-देना नहीं है। उक्त बातें तरैया के आरजेडी विधायक मुद्रिका प्रसाद राय ने प्रखंड के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रामपुर अटौली के प्रांगण में नवनिर्मित प्लस टू भवन के उद्घाटन सह सम्मान समारोह में कहीं। उन्होंने कहा कि सारण प्रमंडल का नेतरहाट कहा जाने वाला यह स्कूल जीर्ण शीर्ण अवस्था में अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रहा था। वहीं भवन के अभाव में छात्र-छात्राएं इंटरमीडिएट की पढ़ाई से वंचित थे। लेकिन अब भवन बन जाने से उन्हें प्लस टू तक की पढ़ाई के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। वहीं समारोह में उपस्थित गैर राजनीतिक शिक्षाविदों ने भी अपने संबोधन में वर्तमान समय में सूबे की गिरती शिक्षा व्यवस्था पर चिंता व्यक्त की। समारोह के मुख्य अतिथि विद्यालय के पूर्व प्राचार्य सह साहित्यकार श्री प्रेमचंद ने कहा कि मेरे अनुरोध पर विधायक मुद्रिका जी के अथक प्रयास से इस भवन का निर्माण हुआ है। साथ ही कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में विधायक ने सारण प्रमंडल में सबसे बेहतर कार्य किया है। साथ ही कहा कि इस विद्यालय के छात्र रहे डी पी ओझा डीजीपी बिहार, डॉ जी पी सिन्हा उपकुलपति पटना विश्वविद्यालय, राजेश्वर ओझा अधीक्षण अभियंता, शिवनाथ प्रसाद शिक्षा सचिव बिहार, कामेश्वर ओझा बजट कमिश्नर, डॉ एन पी यादव प्राचार्य पीएमसीएच पटना, डॉ नवल किशोर ओझा डायरेक्टर स्वास्थ्य विभाग बिहार, हरेंद्र प्रसाद सिंह वरीय डाक अधीक्षक, कामेश्वर ओझा एक्साइज कमिश्नर, डॉ कमरुल होदा विभागाध्यक्ष एनएमसीएच पटना, वीरेंद्र शर्मा पुलिस अधीक्षक, आलोक रंजन विज्ञान शोध अधिकारी, युगल किशोर राय एडीजी, रामायण सिंह वरीय कृषि पदाधिकारी समेत अन्य दर्जनों विद्यार्थियों ने सूबे तथा देश के विभिन्न शीर्ष पदों को सुशोभित कर इस विद्यालय का गौरव व मान बढ़ाया है। समारोह की अध्यक्षता राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित पूर्व प्राचार्य राम जीवन सिंह ‘जीवन’ तथा संचालन पूर्व प्राचार्य रवींद्र नाथ ‘रवि’ ने की। वहीं संबोधन माध्यमिक शिक्षक संघ के सचिव राजाजी राजेश, संघ के जिला परिषद संयोजक शिक्षक संजय कुमार सिंह, विद्यासागर जी, प्राचार्य महेश प्रसाद चौरसिया, निरसू नारायण सिंह, पूर्व प्राचार्य अरुण जी, शिवजी सुमन, राजन प्रसाद गुप्ता, जिला पार्षद गीता सागर राम, सुरेश प्रसाद श्रीवास्तव व अन्य ने किया। सम्मान समारोह में आमंत्रित आगत अतिथियों तथा शिक्षाविदों को भवन निर्माण कंपनी कनिकाश्री शिवकॉन प्राइवेट लिमिटेड पटना के सौजन्य से स्थानीय समाजसेवी गौतम साह द्वारा शाल देकर तथा माला पहना कर सम्मानित किया गया। वहीं निर्माण कार्य में लगे इंजीनियर तथा कारीगरों को भी प्रशस्ति पत्र तथा अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया।