
इसुआपुर:आसन्न विधानसभा चुनाव के लिए कमर कस लें कार्यकर्ता। बिहार में भाजपा-जदयू गठबंधन की सरकार बननी तय है। उक्त बातें भाजपा प्रदेश महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष सह मुख्य अतिथि नवेदिता सिंह ने डोईला गांव स्थित दिवंगत मनीन्द्र सिन्हा स्मृति सभागार में पार्टी द्वारा आयोजित विधानसभा स्तरीय कार्यसमिति सह बूथ स्तर तक सर्वेक्षण कार्यक्रम में कही। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार की अगुवाई में भाजपा गठबंधन सरकार सूबे का चहुमुखी विकास कर रही है। पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा के प्रति देशवासियों का विश्वास बढ़ा है। वहीं पार्टी के प्रति मतदाताओं का रुझान भी बढ़ा है। जिनकी बदौलत भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। वहीं बीजेपी प्रदेश नेत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित तरैया, पानापुर तथा इसुआपुर प्रखंडों के शक्ति केंद्र प्रभारियों, पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि आदर्श आचार संहिता लागू होने से पहले वे बाढ़ पीड़ितों की सेवा में सदैव लगे रहें। वहीं कोरोना तथा बाढ़ की विभीषिका में पीड़ितों की सेवा में लगे पार्टी कार्यकर्ताओं व योद्धाओं को भी सम्मानित किया जाएगा। साथ ही लोगों की सेवा में लगे कोरोना से प्रभावित कार्यकर्ताओं को पार्टी द्वारा हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम में पूर्व विधायक जनक सिंह ने चुनाव से संबंधित मुख्य बिंदुओं पर चर्चा की तथा कोरोना तथा बाढ़ की विभीषिका में लोगों की सेवा में लगे पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में जिला प्रभारी अनूप श्रीवास्तव, जिला महामंत्री रामाशंकर शांडिल्य, जिला प्रवक्ता मनोज कुमार गिरी, तरैया विधानसभा प्रभारी रामबहादुर राय, शारदा प्रसाद सोनी, उमेश कुशवाहा, रामाधार सिंह, कुमार शुभम उर्फ गुड्डू श्रीवास्तव, बद्री नारायण सिंह, अशोक ओझा मुख्य रूप से शामिल थे।




Recent Comments