
🌐चुनाव आयोग व स्मार्ट के सहयोग से रेडियो स्नेही कर रहा है मतदाताओं को जागरूक

✍️परमार मीडिया नेटवर्क
सीवान : बिहार राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं को शिक्षित और जागरूक करने के लिए सीवान के सामुदायिक रेडियो स्टेशन ” रेडियो स्नेही ” के माध्यम से ऑनलाइन व ऑफलाइन कई कार्यक्रम आयोजित कर रहा है ।
रेडियो स्नेही के निदेशक मधुसूदन पंडित ने बताया कि बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में मतदान प्रतिशत, खासकर कर ग्रामीण क्षेत्र में मतदान के प्रतिशत को बढ़ाने के लिए बिहार राज्य चुनाव आयोग व “सीकिंग मॉर्डन एप्लीकेशंस फॉर रीयल ट्रांसफॉरमेशन “(स्मार्ट) के सहयोग से हमारा सामुदायिक रेडियो स्टेशन ” रेडियो स्नेही ” ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों प्रकार का कार्यक्रम कर रहा है ।
निदेशक श्री पंडित ने बताया कि हमारे ऑनलाइन एवं ऑफलाइन कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मतदाताओं को शिक्षित और जागरूक करना है ।उन्होंने कहा कि हम अपने कार्यक्रम के माध्यम से सीवान जिले के आखिरी मतदाता तक चुनाव आयोग का संदेश पहुंचाना चाहते है । हमारे कार्यक्रम मतदाताओं को प्रोत्साहित करने, मतदाता सूची में उन्हें शामिल करने, उन्हें मतदान केंद्र तक ले जाने, उन्हें उनके अधिकार और जिम्मेदारियों के प्रति शिक्षित करने तथा उन्हें जागरूक एवं शिक्षित मतदाता बनाने में अहम भूमिका निभा रहे है ।
वहीं रेडियो स्नेही के स्टेशन प्रबंधक आर जे राणा ने बताया कि हर मतदाता देश का पहला प्रतिनिधि ही नहीं बल्कि वो सैनिक है जो लोकतंत्र की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। देश भर के सभी मतदाताओं के पास समान अधिकार हैं। चुनाव सबको समान अधिकार देते हैं और प्रत्येक वोट अहम होता है, चाहे वह सबसे अमीर व्यक्ति का हो या सबसे गरीब व्यक्ति का। उन्होंने कहा कि सामुदायिक रेडियो अपनी स्थानीय बोलियों में सामग्री विकसित करके और जमीनी स्तर तक मतदाताओं को शिक्षित करने की प्रक्रिया सुदृढ़ करने तथा लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है ।




Recent Comments