परवेज़ अख्तर/सिवान 

सराय ओपी क्षेत्र के बाइपास रोड स्थित चमड़ा मंडी के समीप तेज रफ्तार की अनियंत्रित ट्रक के धक्के से एक ही बाइक पर सवार तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रुप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची सराय ओपी की पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने बाइपास सड़क को जाम कर दिया और मुआवजे की मांग कर रहे थे।जाम से सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गई थी।स्थानीय प्रशासन की कड़ी मशक्कत के बाद जाम समाप्त हुआ। मृतकों में सारण जिला के मशरख थाना क्षेत्र निवासी शमीम अहमद के पुत्र रेहान अली व उसका भांजा फैयाज व भांजी मुस्कान शामिल हैं। वहीं घायल महिला शबाना खातून है, जो मृतक रेहान की बहन है। बताया जाता है कि रेहान अपनी बहन व भांजा-भांजी को लेकर मशरख स्थित घर जा रहा था। ज्योहीं वह चमड़ा मंडी के समीप पहुंचा तभी अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आ गया। इससे मौके पर ही तीनों की मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर स्वजन अस्पताल पहुंचे। स्वजनों में कोहराम मच गया था।घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस छतिग्रस्त बाइक व ट्रक को जब्त कर थाना लाई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम कराने के बाद स्वजनों को सौंप दिया।