सिवान :भगवानपुर में अगलगी में सात मवेशी झुलसे, चार की मौत
#परवेज अख्तर /सिवान
(सिवान) :
जिले के भगवानपुर प्रखंड क्षेत्र के बलहा एराजी गांव में रविवार की रात अचानक आग लग जाने से सात मवेशी झुलस गए जिनमें चार बकरियों की मौत हो गई। वहीं अगलगी में अनाज, बर्तन एवं कपड़ा सहित हजारों की संपत्ति जलकर राख हो गई। थाना एव अंचल से मिली जानकारी के अनुसार बलहा एराजी गांव के मनोज राय के घर सह गोशाला में रविवार की रात आग लग जाने के कारण गोशाला में बंधी तीन भैंस एवं चार बकरी झुलस गई। जब तक लोग पहुंचते उक्त मवेशियों के साथ-साथ घर में रखे गए अनाज, बर्तन एवं कपड़े सहित हजारों की संपत्ति जल चुकी थी। आग की चपेट में आ जाने से चार बकरी झुलस कर मर गईं जबकि तीन भैंस बुरी तरह से झुलस गई हैं। ग्रामीणों के सहयोग से काफी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। सीओ पंकज कुमार ने बताया कि सोमवार को घटना की सूचना मिली। हल्का कर्मचारी को जांच का निर्देश दिया है। प्रभारी थानाध्यक्ष रामाधर सिंह ने बताया बलहा एराजी के मनोज राय ने आग लगने की सूचना दी है। जांच की जा रही है। मुखिया सुष्मिता सिंह एवं पूर्व मुखिया हरेश सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार को काफी क्षति हुई है। उक्त परिवार पहले से ही आर्थिक तंगी से गुजर रहा था। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।