सिवान के युवक की गोपालगंज में हत्या, लाश को अपराधियो ने नहर में फेंका
प्रवेज़ अख्तर/सिवान:-
सिवान के युवक की अपराधियो ने हत्या कर उसकी लाश को गोपालगंज जिले के बरौली थाना क्षेत्र के माड़नपुर गांव के समीप नहर के किनारे ठिकाना लगा दिया। स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर गोपालगंज के बरौली थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल में भेज दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने माड़नपुर गांव के समीप नहर के किनारे लाश को पड़ा देख ग्रामीणों ने इस बात की सूचना बरौली थाने की पुलिस को दी। सुचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने लाश को बरामद कर लिया। बाद में मृतक की पहचान सीवान जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के जियाय गांव निवासी मो. समीर राजा के रूप में हुई। बरौली पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के बाद सिवान पुलिस से सम्पर्क कर परिजनों को बुला लाश को सौंप दिया तथा बरौली पुलिस घटना के हरेक बिन्दुओ पर अनुसंधान में जुट गयी है।
————————
# आशिकी में हुई हत्या!
# सीवान के मुफसिल थाना के जियाय गांव के राजमिस्त्री का पुत्र था समीर राजा
बरौली थाना क्षेत्र के माड़नपुर नहर के पास मिले युवक की हत्या में सनसनीखेज खुलासा हुआ है. परिजनों ने आशिकी में हत्या होने की आशंका जतायी है. मृतक युवक की पहचान सीवान जिले के मुफसिल थाना क्षेत्र के जियाय गांव के राजमिस्त्री इम्तेयाज अहमद का 24 वर्षीय पुत्र समीर राजा के रुप में हुई है. पुलिस ने शव को बरामद करने के बाद मामले की विधिवत अनुसन्धान शुरू कर दी है. रविवार को बरौली थाने में पहुंचे परिजनों ने कहा कि शनिवार की सुबह 10 बजे से ही समीर राजा घर से निकल गया था. शाम सात बजे मोबाईल पर उससे बातचीत हुई. एक घंटे बाद उसका मोबाईल बंद हो गया और सुबह में हत्या की खबर मिली. लोगों के मुताबिक समीर राजा का दोस्त किसी लड़की से बातचीत करता था, उसी के साथ समीर हमेशा रहता था. हालांकि पुलिस इस हत्याकांड में कई बिंदुओं पर जांच कर रही है.
# तीन बहनों में इकलौता भाई था समीर राजा
इम्तेयाज अहमद के तीन बेटियों में इकलौता पुत्र समीर राजा था. समीर की हत्या के बाद परिजनों में कोहराम मच गयी है. समीर के पिता राज मिस्त्री का काम करके परिवार का भरण-पोषण करते थे. समीर की हत्या से परिवार के अलावा गांव के लोग भी आहत हैं.
# जब्त मोबाईल से खुलेगा हत्या का राज
पुलिस ने समीर राजा की हत्या के बाद घटना स्थल पर गहन जांच की. जांच के दौरान पुलिस को समीर राजा का मोबाईल हाथ लगा. मोबाईल को जब्त कर पुलिस हत्याकांड का खुलासा करने में जुट गयी है. ऐसी आशंका जतायी जा रही है समीर के मोबाईल पर हत्या से पहले कई लोगों के कॉल भी आये थे, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है.
# गोली नहीं, सिर पर हुआ था हमला
समीर राजा की हत्या किसी वजनदार हथियार से सिर पर हमला कर की गयी है. रविवार को सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम होने के बाद इसका खुलासा हुआ. सिर से अधिक खून गिरने के बाद उसकी मौत हुई. हालांकि शनिवार की रात स्थानीय लोगों ने गोली मारकर हत्या करने की आशंका जतायी थी.
# चौकीदार ने करायी अज्ञात पर प्राथमिकी
नहर के पास शव मिलने पर सनसनी फैल गयी थी. पुलिस ने आनन-फानन में घटना स्थल से शव को बरामद कर चौकीदार राम बली यादव के बयान पर प्राथमिकी दर्ज किया था. हत्याकांड में अबतक अज्ञात को ही अभियुक्त बनाये गये हैं. पुलिस का कहना है कि शनिवार को शव की पहचान नहीं हो पायी थी. हत्या दूसरे जगह करके नहर के पास साक्ष्य छिपाने के लिए शव फेंके जाने की आशंका पुलिस ने जतायी है. हालांकि बरौली के थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने जल्द ही मामले का खुलासा कर हत्यारों की गिरफ्तारी कर लिये जाने का दावा किया है.