सिवान :कार्यपालक सहायकों ने पांच सूत्री मांगों को लेकर चौथे दिन भी जारी रखा हड़ताल
#परवेज़ अख्तर/सीवान

सिवान :पांच सूत्री मांगों को लेकर हड़ताल पर डटे कार्यपालक सहायकों ने गुरुवार को भी कलेक्ट्रेट के सामने धरना दिया। हड़ताल के पहले दिन से ही जिले के अलग-अलग प्रखंडों से धरना में पहुंचे कार्यपालक सहायक इस बात का खुलेआम एलान कर रहे हैं कि सरकार जब-तक उनकी मांगों को पूरा नहीं करती, पीछे नहीं हटेंगे। आर-पार की उनकी यह लड़ाई अब बिना अपने मुकाम तक पहुंचे नहीं रूकने वाली है। पिछले तीन दिनों की तरह ही चौथे दिन भी सुबह दस बजते-बजते कार्यपालक कलेक्ट्रेट के समीप हाथ में हाथ डालकर अपनी एकजुटता दिखाते हुए हड़ताल पर बैठ गए। इस दौरान जिलाध्यक्ष अभिषेक कुमार तिवारी अपने साथियों में जोश भरने का काम करते रहे। धरने पर बैठे महिला-पुरुष कार्यपालक सहायकों के समक्ष अपनी बात रखते हुए अभिषेक तिवारी ने कहा कि मानव श्रृंखला बनाकर जिस तरह से उन्होंने अपनी चट्टानी एकता को दर्शाया है, उसी तरह से अपनी मांगों को हासिल किए बिना इस जगह से हटने वाले नहीं हैं। उन्होंने सरकार को चेताया कि कार्यपालक सहायकों की अनदेखी महंगी पड़ेगी। अपनी पांच सूत्री मांगें पूरी नहीं होने तक हड़ताल खत्म करने वाले नहीं हैं। मानदेय बढ़ाने के मुद्दे पर सरकार की पॉलिसी की योजना की आलोचना करते हुए कहा कि एक ओर भ्रष्टाचारमुक्त शासन की बात हो रही है, दूसरी ओर मानदेय बढ़ाने के लिए जिस सिस्टम को अपनाने की बात हो रही है, उससे धांधली के सिवा कुछ नहीं बढ़ेगा
इधर, जिले में चौथे दिन भी कार्यपालक सहायकों की हड़ताल से जिला मुख्यालय समेत अनुमंडल व प्रखंड कार्यालय में आरटीपीएस काउंटर समेत अन्य जगहों पर कार्य बाधित रहे। जाति, निवास, आय, रजिस्ट्री, इंदिरा आवास व आपूर्ति का कार्य कराने आए लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। कार्यपालक सहायकों ने कार्यपालक सहायकों को शीघ्र पदस्थापित करने की मांग करते हुए सेवा की अवधि 60 वर्ष तक करने की बात की। धरने में मुकेश कुमार सिटू, मुकेश कुमार ठाकुर, रंजीत कुमार शर्मा, रंजीत कुमार, विवेक कुमार, ललन कुमार यादव, अजितेश प्रसाद, सचिन कुमार, अनुराज कुमार, देवेन्द्र कुमार, विजय कुमार प्रजापति, अक्षय कुमार, ललन कुमार यादव, ब्रिजेन्द्र कुमार, आलोक कुमार, अकिबुल हसन,रणजीत कुमार पांडेय, अमित कुमार, राहुल राज पासवान, मुकेश कुमार, यासिका कुमारी, खुशबू कुमारी, शिल्पी कुमारी राय, अंजलि कुमारी, मनोज कुमार व शैलेश कुमार मौजूद थे।
_________________________________________