सिवान :उसरी व हसनपुरा में दुकानें रहीं बंद
कार्रवाई
#निर्दोष लोगों की रिहाई की मांग कर रहे व्यवसाई
#एएसपी व एसडीओ ने की सौहार्द की अपील
#रिपोर्ट -परवेज अख्तर
हसनपुरा:एमएचनगर थाना के उसरी व हसनपुरा बाजार में सोमवार को निर्दोष गिरफ्तार युवकों की रिहाई को लेकर व्यवसाईयों ने अपनी-अपनी दुकान बंद कर विरोध जताया। व्यवसाईयों का कहना था कि पुलिस ने कुछ निर्दोष लोगों को गिरफ्तार किया है। दुकान बंद की सूचना पर आंदर प्रभाग के इंस्पेक्टर व कई थानों की पुलिस ने पहुंच लोगों से सौहार्द बनाकर दुकान खोलने की अपील की। मगर व्यवसाई रिहाई को लेकर अपनी जिद पर अड़े रहे। इसकी जानकारी मिलते ही एएसपी कार्तिकेय शर्मा व एसडीओ अमन समीर ने उसरी बाजार पहुंच लोगों से आपसी सौहार्द बना कर दुकान खोलने की अपील की। एएसपी ने कहा कि निर्दोष लोगों पर कोई कार्रवाई नहीं की जायेगी। विडियो क्लीप से उपद्रवियों को चिन्हित किया जा रहा है। जो भी दोषी पाये जाएंगे उनपर कार्रवाई की जायेगी। जमानत आप न्यायालय से ही लें और प्रशासन की मदद करें। मौके बीडीओ कुणाल कुमार, सीओ सुनील कुमार सिंह, सिसवन, असांव, आंदर, हुसैनगंज व एमएचनगर थाने के थानाध्यक्ष मौजूद थे।