सिवान :साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश हुई नाकाम
रिपोर्ट -परवेज अख्तर
बसंतपुर :थाना क्षेत्र व भगवानपुर हाट प्रखंड के जुनेदपुर गांव में मामूली से विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने हो गए। कुछ असामाजिक तत्वों ने माहौल को बिगाड़ने की भी कोशिश की। बावजूद प्रशासन की तत्परता से उनके मंसूबों पर पानी फिर गया। शनिवार को मंदिर के सामने पानी गिरने व सोमवार को एक झोपड़ी में आग लगने की हुई घटना के बाद विवाद बढ़ गया। सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। बसंतपुर थानाध्यक्ष उदय कुमार के नेतृत्व में पुलिसबल व भगवानपुर बीडीओ रवि सिन्हा के नेतृत्व में प्रखंड प्रशासन गांव पहुंच स्थानीय जनप्रतिनिधियों व बुद्धिजीवी लोगों के साथ वार्ता कर मामले को शांत किया। जिसकी झोपड़ी जली है उसे सरकारी अनुदान के लिए आवश्यक प्रक्रिया अपनाने की बात कही गई। फिलहाल गांव में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। हालांकि पुलिस एहतियात के तौर पर गांव में कैम्प कर रही है।
#घटना पर एक-दूसरे पर आरोप
गांव में सोमवार को एक महिला की झोपड़ी में अचानक आग लग गई। इसे लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया। लोगों ने पीड़ित महिला को समझा दिया कि आग किसी ने लगाई है। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। हालांकि झोपड़ी में लगी आग पर तुरंत ही काबू पा लिया गया। लेकिन घटना में घर में रखे हजारों के सामान अगलगी की भेंट चढ़ गए।